स्कूली छात्रों के साथ हुआ दर्दनाक हादसा, 9 बच्चों सहित 11 घायल

Sunday, Feb 26, 2017 - 01:22 AM (IST)

बड़सर: बड़सर उपमंडल के अंतर्गत पडऩे वाले एक निजी सीनियर सैकेंडरी स्कूल बिझड़ी की स्कूल बस मंगनोटी-गारली लिंक सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में 32 बच्चे सवार थे, जिनमें से 9 बच्चे व बस ड्राइवर तथा एक अध्यापिका (11 गंभीर रूप से) घायल हो गए। इनमें से 14 बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना का पता चलते ही स्थानीय लोग जमा हो गए और लोगों द्वारा अपने निजी वाहनों से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिझड़ी पहुंचाया तथा इनमें से अधिकतर बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

पैरापिट को तोड़ते हुए पुली के नीचे जा गिरी बस
बस मंगनोटी-गारली संपर्क मार्ग पर भगेड़ गांव के पास अनियंत्रित होकर पैरापिट को तोड़ते हुए पुली के नीचे जा गिरी। गनीमत यह रही कि पुली की गहराई ज्यादा नहीं थी अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। जैसे ही घटना का पता बच्चों के अभिभावकों को चला तो वे तुरंत बिझड़ी अस्पताल पहुंच गए। इस संदर्भ में डी.एस.पी. बड़सर अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की छानबीन जारी है।  

सी.पी.एस. ने पूछा कुशलक्षेम
सी.पी.एस. इंद्र दत्त लखनपाल व एस.डी.एम. बड़सर अक्षय सूद ने बिझड़ी अस्पताल पहुंचकर गंभीर रूप से घायल हुए बच्चों का कुशलक्षेम पूछा तथा प्रशासन की ओर से गंभीर रूप से घायल बच्चों को 5-5 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की है। एस.डी.एम. ने कहा कि बाकी घायलों की चिकित्सकों की रिपोर्ट के बाद तुरंत फौरी राहत प्रदान की जाएगी।