Watch Video: यहां पत्थरों से निकल रहा रहस्यमयी धुआं, दहशत में गांव

Tuesday, Jan 17, 2017 - 11:10 AM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी): मंडी के सुंदरनगर के नालनी गांव में सड़क के साथ लगती पहाड़ी के पत्थरों से रहस्यमयी तरीके से धुआं निकल रहा है। पहाड़ी के अंदर बनी छोटी गुफा से गर्म हवा भी निकल रही है। स्थानीय निवासी रूप लाल, शीला देवी, मान सिंह, नंद लाल व प्रदीप कुमार आदि ने कहा कि यहां करीब 3 अलग-अलग ऐसे स्थानों से धुआं निकलता देखा जा रहा है। हालांकि स्थानीय लोगों ने इस घटना को इलाके में पिछले लंबे समय से पर्यावरण से लगातार हो रही छेड़छाड़ बताया है। इसके चलते भूमि पर संतुलन बिगडऩे से भू-गर्भ में हलचल बताई जा रही है जबकि कई लोगों ने यहां पर खनिज पदार्थ निकलने की संभावना जताई है।


इस जगह​​​​​​​ पर अक्सर पत्थरों से निकलता है धुआं
गौर हो कि मलोह के नालनी के इस भाग के पत्थर को फोरलेन सड़क के लिए बेहतर मान कर भू-माफिया की भारी-भरकम मशीनें बीते काफी समय से भूमि सुधार की आड़ लेकर स्थानीय लोगों के नाम की मंजूरी लेकर पहाड़ों का सीना छलनी करने में जुटी है। स्थानीय जनता ने मांग की है कि खनन सहित इस भू-गर्भिय हलचल की जांच करवाकर तथ्यों का पता लगाया जाए। मलोह पंचायत की प्रधान नीरू देवी ने कहा कि इस जगह सुबह करीब 8 बजे अक्सर पत्थरों से धुआं निकलता है। इस स्थल पर चूने के पत्थर भी हो सकते हैं। इस के निकट ही गर्म पानी भी जमीन के नीचे होने की संभावना है।