शांता का टिकट काटने में सत्ती की रही भूमिका: अग्निहोत्री

Thursday, May 09, 2019 - 09:49 AM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): भाजपा की संस्कृति बुजुर्ग नेताओं को ठिकाने लगाने की रही है और हिमाचल में शांता कुमार व प्रेम कुमार धूमल इसी का शिकार बने हैं। यह बात ऊना में जारी बयान में नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कही। उन्होंने कहा कि देश में लालकृष्ण आडवानी, मुरली मनोहर जोशी, यशवंत सिन्हा व अरुण शौरी जैसे नेताओं के साथ किस प्रकार का व्यवहार किया है, यह सबके सामने है। 

अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में 6 बार के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह आज भी विधायक हैं और प्रदेश में कांग्रेस के स्टार प्रचारक हैं और उनके मार्गदर्शन में पूरी कांग्रेस पार्टी चुनाव प्रचार में जुटी है। जबकि भाजपा के लिए उसके नेताओं की सलाह मायने नहीं रखती है। उन्होंने कहा कि शांता कुमार को जिस प्रकार टिकट काट कर घर बैठाया गया है उसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल की भी भूमिका है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राहुल गांधी पर बार-बार प्रश्न उठाकर भाजपा के नेता अपनी हताशा और निराशा दिखा रहे हैं।

वापस ले लें नेता प्रतिपक्ष का पद

अग्निहोत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के पद को लेकर भाजपा नेता बयानबाजी करते हैं लेकिन ऐसे नेता मुख्यमंत्री से बात करके इस पद को वापस करवा लें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का विधायक दल जनता की आवाज उठाने के लिए बना है और जनता की आवाज को उठाया ही जाएगा।




 

Ekta