यहां पहाड़ी दरकने से मकान पर गिरी चट्टानें, मलबे में दबे दंपति को ढाई घंटे बाद किया रेस्क्यू(Video)

Friday, Mar 22, 2019 - 11:55 AM (IST)

कुल्लू (दिलीप): कुल्लू जिला की लग घाटी के बढ़ाई गांव में पहाड़ी दरकने से बड़ी-बड़ी चट्टानें एक मकान पर गिर गई जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इतना ही नहीं मकान के अंदर सोए हुए दंपति मलबे में फंस गए। घटना गुरुवार को करीब 9 बजे हुई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस विभाग व आपदा प्रबंधन को सूचना दी।


मौके पर पहुंची टीम व अग्निशमन विभाग ने सूझबूझ के साथ लेंटर की छत तोड़ी जिसके बाद मकान के नीचे दबे दंपति को ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर सकुशल बाहर निकाला। वहीं उन्हें 108 एंबुलैंस में अस्पताल इलाज के लिए पहुंचाया।


दंपति की पहचान सन्नी और ख्यालू देवी मंडी निवासी के रूप में हुई। दूसरे घायल सन्नी को अस्पताल ले जाने के लिए 108 एबुलैंस का 20 मिनट इंतजार किया लेकिन 20 मिनट के बाद प्राइवेट वाहन को घायल को अस्पताल पहुंचाया। 

एसडीएम कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने बताया कि करीब नौ बजे के समय डीडीएमए को सूचना मिली की लगघाटी के बढ़ाई में पहाड़ी दरकने से चट्टानें मकान पर गिरी है जिसके नीचे दो लोग दबे हुए हैं और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑप्ररेशन शुरू किया।


उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के द्वारा लोगों को मकान खाली करने के लिए सुबह अलर्ट कर दिया गया था जिसके बावजूद मकान में रहने वाले लोगों ने इसको खाली नहीं किया जिसके बाद पहाड़ी चट्टानें गिरने पर हादसे का शिकार हुए।


उन्होंने कहा कि घायलों को प्रशासन की तरफ से फौरी राहत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पहाड़ी से रूक-रूक कर चट्टानें गिर रही है जिससे अभी खतरा बना हुआ है और लग घाटी की 12 पंचायतों का पहाड़ी से चट्टानें व भूस्खलन गिरने से यातायात बंद हो गया है।

Ekta