PM की रैली को लेकर धर्मशाला BJP मंडल ने बनाई कमेटियां

Monday, Dec 17, 2018 - 12:57 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): पुलिस मैदान धर्मशाला में 27 दिसम्बर को होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा मंडल धर्मशाला ने कमेटियों का गठन किया है। मंडल के विभिन्न मोर्चों, प्रकोष्ठों, बूथ अध्यक्षों, पालक, बी.एल.ए., शक्ति केंद्र प्रभारी, युवा मोर्चा और महिला मोर्चा, एस.टी. मोर्चा तथा ओ.बी.सी. मोर्चा की अध्यक्षता करते हुए खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में प्रदेश भर से 70 हजार से अधिक लाभार्थी व कार्यकर्ता इसमें भाग लेंगे। धर्मशाला विस से 20 हजार कार्यकर्ता भाग लेंगे। पुलिस मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत पारंपरिक तरीके से ढोल-नगाड़ों के साथ किया जाएगा। 

कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र के संगठन मंत्री प्रियव्रत शर्मा व सह प्रभारी संजीव कटवाल की मौजूदगी में मंडल और जिला स्तर पर विभिन्न कमेटियों को गठन भी किया गया है। रैली को लेकर धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र को 6 जोन में बांटा गया है, जिसमें विजय शर्मा व राजेश शर्मा को बूथ 1 से 15, कैप्टन पुरुषोत्तम व प्रकाश चौधरी को बूथ 16 से 30, सतीश व राजेश को बूथ 31 से 45, राजेंद्र कुमार व यशपाल सभ्रवाल को बूथ 46 से 60, तेज सिंह व वीरू वालिया को बूथ 61 से 75 तथा गुलशन कुमार व राकेश चौधरी को 76 से 88 बूथ का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं 19 दिसम्बर को विस क्षेत्र में विभिन्न मोर्चों की बैठक का आयोजन रैली को सफल बनाने के लिए किया जाएगा।

 

Ekta