आखिर पकड़ा ही गया आबादी में घूमता हुआ ये तेंदुआ, 2 को कर चुका घायल(Video)

Saturday, Apr 06, 2019 - 04:14 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): पिछले कई दिनों से आबादी के क्षेत्र में घूम रहा नरभक्षी तेंदुआ आखिर पकड़ा गया है। शुक्रवार देर रात ग्राम पंचायत टकारला के वार्ड नम्बर-1 में वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ कैद हो गया। सूचना मिलने पर रेंज आफिसर अशोक धीमान, थाना प्रभारी अम्ब गौरव भारद्वाज सहित वन व पुलिस महकमे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम घटनास्थल पर पहुंची। यह तेंदुआ कई दिनों से भूखा लग रहा है और इसके पैरों की उंगलियां भी पूरी नहीं हैं। कार्रवाई के तहत तेंदुए को बेहोश करके गोपालपुर जू भेज दिया गया है।

करीब 15 दिन से उपमंडल अम्ब के तहत टकारला क्षेत्र में स्थानीय लोग तेंदुए के आंतक से भयभीत थे। गत 27 मार्च को तेंदुए ने दिन दिहाड़े गांव के 2 युवकों गुरदीप (22) व सतीश (22) पर हमला कर उन्हें बुरी तरह से जख्मी कर दिया था। आलम यह था कि आबादी के क्षेत्र में कई दिनों से तेंदुए के दहाडऩे की आवाजें आने से लोग बुरी तरह से सहमे हुए थे जबकि वन विभाग को खेतों में तैयार गेहूं की फसल ऊंची होने के कारण तेंदुए को ढूंढने में मुश्किल हो रही थी। हालांकि इस बीच वन विभाग ने हाइटैक तरीके से ड्रोन के माध्यम से भी तेंदुए को ढूंढने का प्रयास किया था लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली थी।

ग्राम पंचायत प्रधान विजय कुमार ने कहा कि तेंदुए के पकड़े जाने से लोगों ने राहत की सांस ली है नहीं तो पहले डर इस कदर व्याप्त था कि लोग क्षेत्र में अकेले जाने से डरते थे। मौके पर मौजूद वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक तेंदुए (नर) की उम्र करीब 3 साल के करीब है। देखने में पाया जा रहा है कि तेंदुआ कई दोनों से भूखा था। मौके पर जांच में पाया गया कि तेंदुए के पैरों की उंगलियां पूरी नहीं है। कयास लगाए जा रहे हैं कि पिछले दिनों कहीं इसके पैर कड़क्की में फंस गए होंगे और जोर लगाकर पैर छुड़ाने के दौरान वह घायल हो गया। इस मौके पर तेंदुए को देखने बाले लोगों ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को बताया कि यह थोड़ी दूर तक भागता था और बाद में फिर रुक जाता था। डी.एफ.ओ. ऊना यशुदीप सिंह का कहना है कि विभाग ने पकड़े गए तेंदुए को कार्रवाई के बाद सुरक्षित तरीके से गोपालपुर जू में भेज दिया है।
 

kirti