हिमाचल में दिखा भारत बंद का असर, विभिन्न संगठनों ने चक्का जाम कर की नारेबाजी

Tuesday, Apr 10, 2018 - 10:35 PM (IST)

ऊना: जातिगत आरक्षण के खिलाफ बुलाए गए भारत बंद का मंगलवार को जिला ऊना में व्यापक असर देखने को मिला। प्राइवेट बसें पूर्ण रूप से बंद रहीं जबकि जिला के कई बाजार भी बंद रहे। विभिन्न संगठनों ने बंद का समर्थन करते हुए नारेबाजी भी की। कई जगह चक्का जाम हुआ तो नारेबाजी के बीच राष्ट्रपति को ज्ञापन भी भेजे गए। जिला मुख्यालय पर हिमाचल क्षत्रिय महासभा के बैनर तले एकत्रित हुए अनेक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के जरिए राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में कहा है कि जातिगत आरक्षण की व्यवस्था को खत्म कर आर्थिक आधार पर इसे लागू किया जाए। भारत बंद के चलते अनेक लोगों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। बस अड्डे पर निजी बसों की आवाजाही पूरी तरह से ठप्प रही, जिससे यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। 


अम्ब चौक में 2 घंटे तक चक्का जाम
अम्ब चौक में लोगों ने करीब 2 घंटे तक चक्का जाम किया और आरक्षण के विरोध में जमकर नारेबाजी की। वहीं चिंतपूर्णी, भरवाईं, जल्लो दी बड़, चम्बी व जौड़बड़ बाजार पूरी तरह बंद रहे। इस मौके पर व्यापार मंडल अम्ब, दौलतपुर व्यापार मंडल के सदस्यों ने भी भाग लिया। वहीं बंगाणा के युवा संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर बंगाणा उपमंडल मुख्यालय के बाजार की सभी दुकानों सब्जी, हलवाई, ढाबों, मैडीकल स्टोर व पैट्रोल पम्प आदि को भी बंद करवा दिया।


प्रशासन ने सुचारू किया यातायात
ऊना-होशियारपुर मुख्य मार्ग पर 2 स्थानों पर कुछ देर के लिए यातायात बंद हुआ। इस मार्ग पर घालूवाल व जेजों मोड़ पर कुछ लोगों द्वारा सड़क पर जाम लगाकर यातायात को बंद करने की कोशिश की गई लेकिन एस.डी.एम. हरोली गौरव चौधरी, डी.एस.पी. कुलविन्द्र सिंह, एस.एच.ओ. हरोली रमन चौधरी व पंडोगा पुलिस चौकी प्रभारी रछपाल सिंह की टीम ने मौके पर जाकर स्थिति को संभालते हुए जाम लगाने वाले लोगों को समझा-बुझाकर यातायात को सुचारू कर दिया। डी.एस.पी. हरोली कुलविन्द्र सिंह ने बताया कि जहां पर मार्ग बंद करवाने की कोशिशें की गई थीं, उन्हें तत्काल कार्रवाई करते हुए सुचारू करवा दिया गया। 

Vijay