‘द ग्रेट खली’ ने की CM जयराम से मुलाकात, हिमाचल में होगा रेसलिंग शो (Watch Video)

Sunday, Feb 04, 2018 - 12:29 PM (IST)

धर्मशाला: विश्व कुश्ती मनोरंजन के विश्व विख्यात हेवीवेट पेशेवर कुश्ती चैंपियन ‘द ग्रेट खली’ के नाम से मशहूर दलीप सिंह राणा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से धर्मशाला में मुलाकात की। खली ने निकट भविष्य में प्रदेश में हेवीवेट रेसलिंग चैंपियनशिप आयोजित करने की योजना के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इससे पहले पिछली सरकार के समक्ष भी ऐसा प्रस्ताव रखा था लेकिन किन्हीं कारणों से यह सिरे नहीं चढ़ सका।


उन्होंने कहा कि इस चैंपियनशिप में विश्व के नामी रेसलर भाग लेंगे तथा इसके आयोजन से न केवल राज्य का नाम रोशन होगा बल्कि इससे प्राप्त धनराशि का अधिकतर हिस्सा मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने खली के इस प्रस्ताव को तत्काल मंजूरी प्रदान कर दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने की इच्छुक है। उन्होंने खेद व्यक्त किया कि राज्य की पिछली कांग्रेस सरकार ने खेलों को कदापि गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने इस मौके पर मौजूद खेल मंत्री गोबिंद ठाकुर से कहा कि वह विश्व हैवीवेट कुश्ती चैंपियनशिप के आयोजन हेतु आवश्यक कदम उठायें जिससे राज्य में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।