जंगलों की आग रोकने और प्लांटेशन करने पर सरकार देगी इनाम

Monday, Sep 03, 2018 - 09:57 AM (IST)

शिमला: हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रदेश सरकार ने 3 वानिकी परियोजनाएं आरंभ की हैं। इन योजनाओं के माध्यम से हरित क्षेत्र बढ़ाने के अलावा स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वानिकी गतिविधियों में युवक व महिला मंडलों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सामुदायिक वन संवर्द्धन योजना शुरू की गई है। इसके तहत युवक व महिला मंडलों को उपयोगी पौधों की प्रजातियां रोपण के लिए दी जाएंगी। सरकार ने वन मित्र पुरस्कार व मुख्यमंत्री युवा वन मित्र पुरस्कार योजनाएं आरंभ की हैं।

सरकारी व निजी स्कूलों के लिए मुख्यमंत्री बाल वन मित्र पुरस्कार योजना भी शुरू की गई है। मुख्यमंत्री महिला वन मित्र पुरस्कार व मुख्यमंत्री युवा वन मित्र पुरस्कार योजनाओं के तहत महिला व युवक मंडलों को वनों को अग्नि बचाव में उत्कृष्ट योगदान, उत्कृष्ट पौधारोपण, जैव विविधता संरक्षण व तंत्र प्रक्रिया को सांझा करने के लिए प्रशस्ति पत्र के साथ क्रमश: 50-50 हजार, 40-40 हजार व 30-30 हजार रुपए के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। 

मुख्यमंत्री बाल वन मित्र पुरस्कार योजना के तहत सरकारी व निजी स्कूलों को पौधारोपण में उत्कृष्ट कार्य करने, पौध उगाने व उसके बचाव के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और वन संरक्षण में जागरूकता योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र के साथ क्रमश: एक लाख 75 हजार व 50 हजार रुपए के नकद प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसी तरह पंचायतों को वन अग्नि से बचाव में उत्कृष्ट योगदान, पौधारोपण, जैव विविधता संरक्षण, वनों के भोगाधिकार में दीर्घकालीन विकास व तंत्र प्रक्रिया को सांझा करने के लिए प्रशस्ति पत्र के साथ क्रमश: एक लाख, 75 हजार व 50 हजार रुपए के 3 पुरस्कार का प्रावधान किया गया है। 
 

Ekta