सोलन में होमगार्ड जवान व विभाग के चालक देंगे आपातकालीन सेवाएं

Thursday, Aug 09, 2018 - 12:48 PM (IST)

सोलन/नाहन : प्रदेश में 108 व 102 आपातकालीन सेवाएं देने वाली जी.वी.के. कंपनी के कर्मचारी एक बार फिर हड़ताल पर चले गए हैं। इससे जिला सोलन व सिरमौर में आपातकालीन सेवाएं ठप्प हो गई हैं। बुधवार को पूरा दिन 108 व 102 एम्बुलैंस सोलन अस्पताल के बाहर खड़ी रहीं।जी.वी.के. ई.एम.आर.आई. के कर्मचारी (चालक व ई.एम.टी.) अपनी मांगों को लेकर मंगलवार शाम को गाडिय़ां खड़ी करके चले गए हैं। सोलन जिला में अभी तक एम्बुलैंस सेवा बहाल नहीं हो पाई है। कुछ समय पहले भी जी.वी.के. कर्मचारियों ने हड़ताल की थी और पूरे प्रदेश में आपातकालीन सेवाएं ठप्प हो गई थीं, जिसे बाद में होमगार्ड जवानों व विभाग के चालकों ने बहाल किया था। अब फिर से कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं, जिसका खमियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ सकता है।

एम्बुलैंस सेवा को बहाल करने के लिए 10 होमगार्ड जवानों की सेवाएं ली जाएंगी। इसके अलावा अन्य विभागों से 11 चालक सेवाएं देंगे। इसके तहत विभाग के चालकों ने अपना कार्य शुरू कर दिया है और बुधवार शाम तक होमगार्ड जवानों के ड्यूटी ज्वाइन करने की बात कही जा रही है। इसके अलावा 3 एम्बुलैंस 102 की तरह काम करेंगी और प्रसूता महिलाओं व बच्चों को घर छोडऩे का कार्य करेंगी। इसके अलावा 2 गाडिय़ां रैडक्रॉस की हैं, 1 लायंस क्लब और 1 अंबुजा सीमैंट कंपनी से ली जा रही है। उधर, सिरमौर में 108 एम्बुलैंस कर्मियों के हड़ताल पर जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा वैकल्पिक प्रबंध कर दिए गए हैं।

जिला में 108 एम्बुलैंस कर्मियों के हड़ताल पर जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा गृहरक्षा विभाग से 10 चालकों को बुलाया गया है।  इसके अलावा सभी स्थानों पर विभाग तथा राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम की गाडिय़ों को तैनात कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की एम्बुलैंस भी रोगियों को नि:शुल्क उपलब्ध होंगी। इसके लिए रोगी विभाग से संपर्क कर सकते हैं। जिला में 102 एम्बुलैंस सेवा भी कर्मियों के हड़ताल पर जाने के बाद प्रभावित रही। 

kirti