IGMC में स्क्रब टाइफस से व्यक्ति की मौत, 19 तक पहुंचा आंकड़ा

Wednesday, Oct 25, 2017 - 12:02 AM (IST)

शिमला: आई.जी.एम.सी. में स्क्रब टाइफस से रोहड़ू के व्यक्ति की मौत हो गई है। व्यक्ति की पहचान मोहन लाल (40) के रूप में हुई है, वहीं अब तक अस्पताल में स्क्रब टाइफस से होने वाली मौतों का आंकड़ा 19 तक पहुंच गया है। हालांकि अस्पताल में अभी भी लगातार स्क्रब टाइफस के मामले पहुंच रहे हैं। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार इस व्यक्ति को 13 दिन पहले  अस्पताल लाया गया था। इस बीच व्यक्ति में स्क्रब टाइफस होने के चलते डाक्टरों ने इसे तुरंत अस्पताल में दाखिल किया। इसके तहत यहां पर व्यक्ति का उपचार चल रहा था लेकिन हालात गंभीर होने के चलते सोमवार को व्यक्ति की मौत हो गई। आई.जी.एम.सी. अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. रमेश चंद ने स्क्रब टाइफस से रोहड़ू के व्यक्ति की मौत होने की पुष्टि की है। 

लगातार बढ़ रही डेंगू के मरीजों की संख्या 
आई.जी.एम.सी. में डेंगू के मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। देखा जाए तो रोजाना अस्पताल में औसतन 1 से 2 मरीज पॉजीटिव आ रहे हैं, वहीं गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल में दाखिल किया जा रहा है। बिलासपुर, हमीरपुर, चंडीगढ़ तथा दिल्ली गए लोग इसकी चपेट में आने के बाद अस्पताल पहुंच रहे हैं। अभी तक अस्पताल में ऐसे ही 2 मरीज भर्ती हैं। डाक्टरों की मानें तो यह एक वायरस से होने वाली बीमारी का नाम है जो एडीज नामक मच्छर की प्रजाति के काटने से होता है। इस मच्छर के काटने पर विषाणु तेजी से मरीज के शरीर में अपना असर दिखाते हैं जिसके कारण तेज बुखार और सिरदर्द होता है। डेंगू होने पर मरीज के खून में प्लेटलैट्स की संख्या तेजी से घटती है, जिसके कारण कई बार जान का जोखिम तक बन जाता है, वहीं अब तक अस्पताल में टैस्ट के बाद 17 मरीजों की रिपोर्ट पॉजीटिव पाई गई है। आई.जी.एम.सी. के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. रमेश चंद ने मामले की पुष्टि की है। 

तेज सिरदर्द हो तो तुरंत आएं अस्पताल 
आई.जी.एम.सी. की मैडीसन ओ.पी.डी. में तेज सिरदर्द संबंधित बीमारियों से ओ.पी.डी. लगातार बढ़ रही है। चिकित्सकों का कहना है कि इस तरह की समस्या होने पर तुरंत अस्पताल आएं।