देश को मजबूत सरकार की जरूरत, मजबूर सरकार की नहीं : जयराम

Sunday, Jan 20, 2019 - 10:53 PM (IST)

राजा-का-तालाब/फतेहपुर (अजय): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के अपने एकदिवसीय दौरे के दौरान रविवार को रैहन में जनसभा को संबोधित किया। उनका यहां पहुंचने पर प्रदेश भाजपा महामंत्री कृपाल परमार द्वारा बड़ी संख्या में फतेहपुर भाजपा मंडल कार्यकर्ताओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। तदोपरांत मुख्यमंत्री ने रैहन के राजा राम ग्राऊंड में जनसभा को संबोधित किया। लोगों के अभिवादन के बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश के चंहुमुखी विकास के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बागडोर संभालने के उपरांत अब तक उन्होंने केंद्र से करीब 9,500 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत करवाए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश के लिए हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।

देश को आगे ले जाने में पूरी तरह सक्षम हैं पी.एम. मोदी

देश में आगामी लोकसभा चुनावों के लिए अपने स्वार्थी हितों को साधने के लिए विपक्षी नेताओं द्वारा बनाए जा रहे गठबंधन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को आज मजबूत सरकार की जरूरत है न कि एक मजबूर सरकार की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक मजबूत व्यक्ति हैं तथा उनका नेतृत्व देश को आगे ले जाने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने लोगों से आगामी लोकसभा चुनावों में उनके सहयोग की अपील की तथा भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत से विजय बना कर केंद्र में पुन: नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की अपील की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रैहन क्षेत्र के लोगों को पेश आ रही पेयजल समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि इसके लिए आई.पी.एच. विभाग द्वारा 51 करोड़ की डी.पी.आर. तैयार की गई है, जिसकी स्वीकृति के लिए सरकार शीघ्र कार्रवाई करेगी।

शीघ्र सुलझाई जाएंगी पौंग बांध विस्थापितों की समस्याएं

पौंग बांध विस्थापितों की समस्याओं पर उन्होंने कहा कि दोनों सरकारों के मुख्य सचिव स्तर पर 2 बार वार्ता हो चुकी है तथा मुख्यमंत्री स्तर पर भी बात हो चुकी है। उन्होंने माना कि कुछ समस्याएं हैं लेकिन प्रदेश सरकार इस बारे में उचित निर्णय लेकर पौंग बांध विस्थापितों की समस्याओं को शीघ्र सुलझा लेगी। उन्होंने पौंग बांध क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाओं को तलाशने के बारे भी जिक्र किया।

Vijay