फेरा डालने मायके गई दुल्हन ने ससुराल आने से किया इंकार

Tuesday, Jan 21, 2020 - 11:42 AM (IST)

चिंतपूर्णी (ब्यूरो): चिंतपूर्णी क्षेत्र में एक युवक की शादी हुए अभी 4 दिन ही हुए थे कि लड़की अपने मायके लड़के संग जाती है और दूल्हा वापस आ जाता है। कुछ दिनों के बाद लड़का अपनी दुल्हनिया को लेने ससुराल जाता है तो उसे खाली हाथ लौटना पड़ता है। परिजनों सहित रिश्तेदार लड़की के घर जाते हैं लेकिन लड़की यह कहकर वहां से चली गई कि उसे उस लड़के संग नहीं रहना है। लड़के वालों को बैरंग ही घर लौटना पड़ा। कुछ दिनों के बाद फोन से सूचित कर लड़की के परिजनों को उक्त मुद्दे पर बातचीत करने को बुलाया लेकिन लड़की वालों ने अम्ब पहुंचकर लड़का पक्ष के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज करवा दी।

इसी बीच शिकायत वापस लेने पर दोनों पार्टियों के बीच समझौता हो गया। इस सारे घटनाक्रम के बीच जो मुख्य चेहरा था वह बिचौलिये का था जिसने 2 लाख रुपए के करीब लड़का पक्ष से ऐंठे थे। जब उस बिचौलिये को फोन किया गया तो उसने कहा कि वह रिश्ते करवाता है न कि घर बसाता है। यह कहकर बिचौलिये ने फोन काट दिया।लड़के की बहन ने बताया कि बिचौलिये ने 2 लाख के करीब रुपए व कपड़े इत्यादि सामान लिया था जिसने आज तक फोन नहीं उठाया। दुल्हन को दिए जेवर दुल्हन खुद लेकर मायके बैठ गई।

उसने बताया कि लड़की के पड़ोस से इस बारे पता करने पर पता चला कि ये लोग पैसों के लालच में कुछ दिन की शादी करवा देते हैं और बाद में लड़की घर बैठ जाती है। डी.एस.पी. मनोज जम्वाल ने बताया कि इस बारे जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आजकल कई तरह के फ्रॉड को शातिरों द्वारा अमलीजामा पहनाया जा रहा है। आम जनमानस को ऐसे लोगों से सतर्क रहना चाहिए।
 

kirti