पेड़ से लटका मिला 19 दिनों से लापता युवक का शव,फैली सनसनी(Video)

Saturday, Oct 13, 2018 - 02:54 PM (IST)

ऊना(अमित) : रायपुर सहोड़ा से लापता चल रहे सुमित का शव ऊना के साथ लगते अरनियाला गांव के  जंगल मे पेड़ से लटका बरामद हुआ है। सूचना मिलने पर परिजन व ग्रामीण मोके पर पहुंच गए। सुमित 24 सितम्बर से लापता चल रहा था। जिसे परिजनों ने हर जगह ढूंढा लेकिन नही मिला। शव मिलने के बाद परिजनों ने विधायक सतपाल रायजादा के नेतृत्व में रेड लाइट चोंक पर चक्का जाम कर दिया। करीब रात 10 बजे से रात 1 बजे तक चक्का जाम रखा। लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर काफी नाराजगी दिखी। जाम लगने से यातायात प्रभावित रहा। ऊना का मुख्य चौंक पुलिस छावनी के रूप में तब्दील हो गई। गुस्साए लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मामला गर्माता देख एसपी, एएसपी व डीएसपी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे लेकिन फिर भी हालत सामान्य नही हुई।
इसी बीच पुलिस व प्रदर्शनकारियों में खूब गहमा गहमी हुई। करीब 1 बजे लोगों का गुस्सा शांत हुआ। तब यातायात को दुरुस्त किया गया। परिजनों ने सुमित की हत्या की आशंका जताई है। सुमित कुमार 24 तारीख को अपने मामा के घर से वापिस अपने घर आ रहा था। लेकिन आज दिन तक अपने घर नहीं पहुंचा यह बात सुमित के छोटे भाई निखिल ने बताते हुए कहा कि जब बंगाणा से वापस घर के लिए लौटा तो करीब 7:00 बजे उसकी बात सुमित कुमार से हुई और सुमित ने कहा की भारी बारिश के चलते अपने दोस्त के पास ऊना में ही रुक जाने की बात कही थी। इसके बाद सुमित का कोई अता पता नहीं चला। जब निखिल ने सुमित के फोन पर कॉल की तो फोन किसी औरत ने उठाया और उसे यह फोन कोटला में गिरा मिलने की बात कही। जब निखिल अपने भाई का फोन लेने महिला के पास आया तो सुमित कुमार का मोटरसाइकिल और चप्पले भी पढ़ी हुई थी। निखिल ने पुलिस पर मामले में लीपापोती करने का आरोप जड़ा है। निखिल ने कहा कि जिन लोगों पर उन्हें शक था उस बारे पुलिस को कई बार बताया गया लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

विधायक सतपाल रायजादा ने कहा कि पुलिस की मनमानी सहन नहीं होगी। कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। पुलिस चालान काटने में ही व्यस्त हैं। लेकिन चोरी, हत्या जैसे मामलों को सुलझाने में पूरी तरह से असफल रही है। एसपी दिवाकर शर्मा ने कहा कि पुलिस इस मामले की गहन छानबीन कर रही है। किसी तरह की कोताही नहीं बरती जायगी। यदि इस मामले में कोई कोताही बरती गई होगी तो कोताही बरतने वालों के खिलाफ कार्यवाही होगी। कोताही करने पर एक पुलिस कर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की जांच एएसपी ओर सस्पेंड पुलिस कर्मी के मामले की जांच डीएसपी हेडक्वार्टर अशोक वर्मा करेंगे।

kirti