पुलिस से उलझे भाजयुमो कार्यकर्ता, छीनकर जलाया CM का पुतला

Thursday, Aug 17, 2017 - 11:26 PM (IST)

देहरा: वीरवार को देहरा में भाजयुमो जिला देहरा ने जिलाध्यक्ष नितिन ठाकुर की अध्यक्षता में हिमाचल सरकार के खिलाफ  युवा आक्रोश रैली निकाली। रैली में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विशाल चौहान, देहरा के विधायक रविंद्र रवि एवं ज्वालामुखी के पूर्व विधायक रमेश धवाला उपस्थित रहे। देहरा के हनुमान चौक से रैली शुरू होकर पूरे देहरा बाजार से होकर मिनी सचिवालय में समाप्त हुई। रैली के दौरान प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदेश में नशा माफिया, खनन माफिया, बेरोजगारी, गुडिय़ा प्रकरण व बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को लेकर भाजयुमो ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का पुतला जलाया। मुख्यमंत्री का पुतला जलाते समय भाजयुमो के कार्यकर्ताओं एवं पुलिस में तीखी नोक-झोंक हुई। पुलिस ने पुतला छीन लिया लेकिन भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने पुलिस से छीन कर पुतला जलाया। 

प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं : रवि
इस दौरान भाजयुमो देहरा जिलाध्यक्ष नितिन ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। प्रदेश में खनन माफिया, नशा माफिया एवं आपराधिक गतिविधियां चरम सीमा पर हैं। भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष विशाल चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुखिया भ्रष्टाचार के मामलों में संलिप्त है। देहरा के विधायक रविंद्र रवि ने कहा कि प्रदेश सरकार आपराधिक गतिविधियों को संरक्षण प्रदान कर रही है। प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं है। रोहड़ू में 2 व्यक्तियों की गला काट कर की गई हत्या इस बात का सबूत है। अपराधी बेखौफ होकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। प्रदेश में अराजकता का माहौल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दिन पूरे हो चुके हैं।