RTI कार्यकर्ताओं का आरोप, बोले-पूंजीपतियों की बन कर रह गई पुलिस

Tuesday, Oct 30, 2018 - 04:26 PM (IST)

सोलन (चिनमय): हिमाचल में आर.टी.आई. कार्यकर्ता खतरे में है और यही नहीं आर.टी.आई.कार्यकर्ताओं पर लगातार हमले हो रहे हैं, जिस पर पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है और ऊंची पहुंच वालों को फायदा पहुंचाने का कार्य कर रही है। यह आरोप आर.टी.आई. कार्यकर्ताओं और आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन पर लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कसौली के आर.टी.आई. कार्यकर्ता लगातार भू-माफिया और होटल व्यवसायियों के न केवल काले चिट्ठे खोल रहे हैं बल्कि उन पर उचित कार्रवाई भी न्यायालय के माध्यम से करवा रहे हैं, जिसकी वजह से वे सभी बौखलाए हुए हैं और आर.टी.आई. कार्यकर्ता चेतन पर जानलेवा हमले कर रहे हैं।

रात के अंधेरे में घर में घुसकर कर रहे हमला
आर.टी.आई. कार्यकर्ता चेतन ने बताया कि भू-माफिया और होटल व्यवसायी उनकी पोल खुल जाने के डर से उन्हें निशाने पर लिए हुए हैं और उन पर लगातार हमले कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले उन पर दिन के उजाले में  हमला किया गया था लेकिन अब ऊंची पहुंच के चलते उनकी हिम्मत इतनी बढ़ चुकी है कि वह रात के अंधेरे में घर में घुसकर हमला करने से गुरेज नहीं कर रहे हैं, जिसे देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि सोलन पुलिस पूंजीपतियों की बन कर रह गई है।

Vijay