पागल कुत्ते का आतंक, डेढ़ दर्जन लोगों को बनाया अपना शिकार

Sunday, Nov 21, 2021 - 10:36 AM (IST)

ऊना (अमित शर्मा) : जिला मुख्यालय और उसके आसपास के गांव में शनिवार देर रात पागल कुत्ते ने जमकर कोहराम मचाया। जिला मुख्यालय के टक्का रोड पर देर रात पागल कुत्ते ने लोगों को काटना शुरू किया। जिससे शहर भर में दहशत भरा माहौल हो गया। काफी देर तक माहौल गहमागहमी भरा रहा। जिला मुख्यालय और उसके साथ लगते लोअर अरनियाला गांव में करीब दर्जन भर लोगों को अपना शिकार बनाने के बाद पागल कुत्ता कोटला कलां गांव में जा घुसा। जहां उसने महादेव मंदिर में भी करीब 3 लोगों को अपना शिकार बनाया। घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने वन विभाग और पशुपालन विभाग से लगातार मदद मांगने का प्रयास किया लेकिन दोनों ही विभागों में से किसी ने भी मुसीबत की इस घड़ी में लोगों का साथ नहीं दिया। स्थानीय लोगों ने ही कुत्ते का शिकार बने लोगों को लहूलुहान हालत में अस्पताल ले जाकर उपचार दिलवाया। 

ऊना शहर सहित आसपास के करीब 2 गांवों में कुत्ते ने करीब 20 लोगो को काट खाया है। इनमें से करीब एक दर्जन केवल कोटला कला गांव के ही लोग हैं। सभी को गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार करवाया है। कुत्ते द्वारा किए गए हमले को लेकर गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि मामलों को लेकर कई बार वन विभाग को सूचित किया गया, लेकिन उनके द्वारा कोई कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई। जानकारी के मुताबिक शनिवार देर शाम शहर के वार्ड नंबर 1 सहित कोटला कला व अपर अरनियाला में एक कुत्ते ने 20 लोगों को काट लिया। जिसने भी कुत्ते को भगाने की कोशिश की कुत्ते ने उस पर ही उल्टा हमला करते हुए घायल कर दिया, ऐसे में सभी को भाग कर अपनी जान बचानी पड़ी।

हालत यह हो गए कि लोगों को घरों से बाहर निकलने के लिए विंडो का सहारा लेना पड़ा। अकेले अगर कोटला कलां गांव की बात की जाए तो करीब एक दर्जन लोगों को कुत्ते ने काट खाया है। स्थानीय निवासी निधि शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ समय से एक कुत्ता घूम रहा है, जो लोगों को काट रहा है। इसकी सूचना वन विभाग को भी दी गई, लेकिन विभाग ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने बताया कि शाम के समय कुत्ते ने करीब 15 से 20 लोगों को काट खाया, जिनका ऊना अस्पताल में उपचार करवाया गया। उन्होंने विभाग से कुत्ते को काबू करने की मांग उठाई है।
 

Content Writer

prashant sharma