पांवटा साहिब में विवादित टिप्पणी पर 2 समुदायों में तनाव, पुलिस गाड़ी पर पथराव और थाने का घेराव

Wednesday, May 18, 2022 - 12:02 AM (IST)

पांवटा साहिब (संजय कंवर): पांवटा साहिब में विवादित टिप्पणी पर मंगलवार देर रात 2 समुदायों में तनाव हो गया। पुलिस ने विवादित टिप्पणी मामले में 2 लोगों को हिरासत में लिया है। शिकायत के बाद जैसे ही पुलिस गांव में 2 लोगों को हिरासत में लेने के लिए गई तो पुलिस के गाड़ी पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया लेकिन पुलिस इसी बीच दोनों लोगों को हिरासत में लेकर माजरा पुलिस थाना ले गई। इसके बाद दोनों समुदाय के सैंकड़ों लोग माजरा पुलिस थाने के बाहर एकत्रित हो गए, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। दोनों तरफ से नारेबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते तलवारें लहराईं जाने लगीं। इसके तुरंत बाद पांवटा साहिब के एसडीएम विवेक महाजन, एएसपी बबिता राणा मौके पर पहुंचे। तनाव बढ़ता देख प्रशासन ने तुरंत पुलिस फोर्स को बढ़ा दिया। इस दौरान प्रशासन दोनों समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील करता रहा। 

प्रशासन के आश्वासन पर शांत हुआ मामला
रात 11 बजे के करीब एसडीएम विवेक महाजन के समझाने के बाद एक समुदाय के लोग पीछे हट गए तथा थाना क्षेत्र से चले गए जबकि दूसरे समुदाय के लोग थाने के बाहर डटे हुए थे। पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया एक व्यक्ति एक राजनीतिक दल का पदाधिकारी भी बताया जा रहा है। उसके बाद रात 11.15 बजे डीसी आरके गौतम व एसपी उमापति जम्वाल घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन के आश्वासन कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, उसके बाद माहौल शांत हुआ। प्रशासन के आश्वासन के बाद दूसरे समुदाय के लोग भी देर रात करीब साढ़े 11 बजे पीछे हट गए तथा थाना क्षेत्र से चले गए।

ऐेसे घटा घटनाक्रम
इससे पहले पांवटा साहिब पुलिस थाने में एक समुदाय ने सोशल मीडिया पर विवादित टिप्पणी करने पर शिकायत दर्ज करवाई थी। संजय सिंघल, अजय संसरवाल, ओमपाल, बबली सैनी, विवेक सैणी, मंयक महावर, हमराज महावर, हेमंत शर्मा, सचिन ओबराय, वैभव गुप्ता व गर्वित गुप्ता ने पांवटा साहिब पुलिस को दी शिकायत में लिखा है कि इस विवादित टिप्पणी से समाज को ठेस पहुंची है। पुलिस को सौंपी शिकायत में लिखा गया है कि उक्त विवादित पोस्ट डालने वाला एक व्यक्ति पांवटा साहिब के मिश्रवाला का रहने वाला है जबकि दूसरा भगवानपुर का रहने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त दोनों ने धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट शेयर की है। थाना प्रभारी अशोक चौहान ने इस शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

जो कानून तोड़ेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी : एसडीएम
उधर पांवटा साहिब के एसडीएम विवेक महाजन ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों से बात की जा रही है तथा शांति बनाए रखने का आग्रह किया गया है। जो कानून का उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ  कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay