चंबा सीमैंट प्लांट के लिए नए सिरे से होंगे टैंडर

Tuesday, Dec 04, 2018 - 01:12 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): चंबा में सीमैंट प्लांट निर्माण के लिए नए सिरे से टैंडर होंगे। पहले इस प्लांट का शिलान्यास सितम्बर और अक्तूबर माह के मध्य में किए जाने का निर्णय लिया गया था लेकिन पहली बार किए गए टैंडर में एक ही पार्टी की तरफ से रुचि दिखाए जाने से यह मामला सिरे नहीं चढ़ पाया है। टैंडर प्रक्रिया में निवेशकों के आगे न आने का कारण प्रस्तावित स्थान के लिए सड़क का निर्माण न होना है। इसे देखते हुए सरकार ने खुद सड़क निर्माण करने का निर्णय लिया है, जिस पर 10 से 12 करोड़ रुपए खर्च होंगे। सरकार ने सीमैंट प्लांट निर्माण को लेकर टैंडर प्रक्रिया में अन्य तरह की छूट देने का भी निर्णय लिया है। 

उल्लेखनीय है कि चम्बा के सिकरीधार में इस प्लांट को स्थापित करने का प्रस्ताव है, जिसमें प्रत्यक्ष और परोक्ष तौर पर करीब 15,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। वर्ष, 2002 से इस प्लांट को लगाने की कवायद जारी है, जिसमें करीब 1,000 करोड़ रुपए का निवेश होगा। इस प्लांट से करीब 15,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार के अवसर मिलने की संभावना है।

शांता के आग्रह पर आगे बढ़ा मामला

चम्बा सीमैंट प्लांट निर्माण का मामला पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद शांता कुमार के आग्रह पर आगे बढ़ा है। उन्होंने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री एवं उद्योग मंत्री से चर्चा की। इसके बाद शीघ्र इसका शिलान्यास करने का निर्णय लिया गया।

सीमैंट प्लांट निर्माण पर सरकार गंभीर: विक्रम सिंह

उद्योग मंत्री विक्रम सिंह का कहना है कि चम्बा सीमैंट प्लांट निर्माण पर प्रदेश सरकार गंभीर है। इसके लिए फिर से टैंडर होंगे तथा सरकार खुद क्षेत्र के लिए सड़क का निर्माण करेगी। इसी तरह कई अन्य तरह की रियायतें भी दी जाएंगी। सीमैंट प्लांट के लगने से क्षेत्र के लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

Ekta