ऊना में प्रचंड शीतलहर से जनजीवन प्रभावित, -1.2 डिग्री सैल्सियस पहुंचा तापमान

Wednesday, Jan 24, 2024 - 04:41 PM (IST)

ऊना (अमित): हिमाचल प्रदेश का मैदानी इलाका लगातार कड़ाके की सर्दी की चपेट में चल रहा है। हालत ऐसी है कि बुधवार को एक बार फिर ऊना जिला का तापमान माइनस में चला गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान -1.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है जबकि इसी माह माइनस 1.8 डिग्री सैल्सियस तक भी ऊना में पारा लुढ़क चुका है। कड़ाके की सर्दी के चलते जनजीवन व्यापक रूप से प्रभावित हो रहा है। स्कूली बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक लोग लगातार सर्दी जनित रोगों की चपेट में आ रहे हैं। यहां तक कि शीतलहर के तेज होने के चलते दिनचर्या भी काफी प्रभावित हो चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है की बारिश नहीं होने के चलते सर्दी और भी खतरनाक होती जा रही है। सर्दी के कारण कारोबार भी पूरा ठप्प होता जा रहा है, लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो चुके हैं, जिसके चलते बाजारों में रौनक बिल्कुल गायब हो चुकी है।

ऊना में सर्दी ने तोड़ा 11 वर्षों का रिकॉर्ड
मौसम विभाग के कार्यकारी अधिकारी विनोद कुमार शर्मा का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक शीतलहर और भी प्रचंड हो सकती है, जिसके चलते लोगों को और भी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि हाल फिलहाल बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। उन्होंने बताया कि जिला ऊना में इस बार सर्दी का पिछले 11 वर्षों  का रिकॉर्ड टूटा है। 
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay