BBN में गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, तापमान 47 डिग्री के पार

Saturday, Jun 01, 2019 - 10:54 PM (IST)

मानपुरा (संजीव बस्सी): प्रदेश के निचले क्षेत्र बी.बी.एन. में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सुबह 9 बजे से ही सूर्यदेव अपना रौद्र दिखाना शुरू कर देते हैं। शनिवार दोपहर 3 बजे तक तापमान 47.6 डिग्री पार कर गया। गर्मी के चलते जहां क्षेत्र के सभी प्राइवेट स्कूलों ने मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार 10 जून तक स्कूलों में छुट्टियां कर दी हैं वहीं प्रदेश शिक्षा बोर्ड से भी गर्मी के प्रकोप से बचाने के लिए स्कूलों में 8 जून तक छुट्टियों पर विचार हो रहा है। विदित हो कि प्रदेश के निचले क्षेत्र बी.बी.एन. में जैसे-जैसे तापमान बढ़ रहा है, वैसे-वैसे आसमान से आग बरस रही है।

गर्मी के चलते घरों में दुबकने को मजबूर हुए लोग

स्कूली बच्चे प्रार्थना सभा में चक्कर खाकर गिर रहे हैं और गर्मी के चलते लोग अपने घरों में दुबक कर रह गए हैं। सड़कों पर हर तरफ घूमने वाले बेसहारा पशु व आवारा कुत्ते मानों कहीं गायब हो गए हैं और पेड़ों व तालाबों के किनारे अपना समय व्यतीत कर रहे हैं। वहीं निर्माण कार्य में लगे प्रवासी कामगारों के बच्चे गर्मी से बचने के लिए ठंडी रेत का सहारा ले रहे हैं।

सूखने लगे प्राकृतिक जलस्रोत

गर्मी के चलते प्राकृतिक जलस्रोत भी सूखने लगे हैं और पानी के लिए हाहाकर मचना शुरू हो गया है। प्रवासी कामगारों द्वारा गर्मी से बचने के लिए बनाई गई झुग्गियों पर लगा पॉलीथीन भी पिघल रहा है और लोगों की गाडिय़ों के शीशे भी चटक रहे हैं।

Vijay