दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित होकर नदी में गिरी कार; शिक्षक की मौत
punjabkesari.in Friday, Aug 28, 2026 - 01:34 PM (IST)
Mandi Road Accident : जिला मंडी के बालीचौकी के समीप सिहडा में सड़क हादसे में जिला कुल्लू के बंजार खंड के फगवाना स्कूल में कार्यरत अध्यापक दीप कुमार की मौत हो गई, जबकि एक सवार घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब दीप कुमार अपने घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि सिहड़ा के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे तीर्थन नदी में जा गिरी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 51 वर्षीय दीप कुमार पुत्र भीम सैन निवासी गांव सिहड़ा, डाकघर मंगलौर, तहसील बंजार व जिला कुल्लू के रूप में हुई है। घायल की पहचान 34 वर्षीय सुरेश कुमार पुत्र बेली राम, निवासी गांव सिहड़ा, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल सुरेश कुमार को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। यहां से उन्हें नाजुक हालत के चलते नेरचौक मैडीकल कालेज रैफर कर दिया। नेरचौक में भी हालत गंभीर रहने पर उन्हें एम्स बिलासपुर रैफर किया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।

