चाय के कप ने खोली फर्जी DGM की पोल, पढ़ें क्या है मामला

Tuesday, Jul 18, 2017 - 05:44 PM (IST)

मनाली: मनाली क्षेत्र में इंडियन ऑयल कार्पोरेशन के फर्जी डी.जी.एम. को हिरासत में लिया गया है। आरोपी इंडेन की एक गैस एजैंसी में जाकर वहां तैनात स्टाफ को डरा-धमका रहा था। जानकारी के अनुसार उक्त आरोपी अपने फर्जी ओहदे की धौंस दिखाते हुए एजैंसी स्टाफ को होटल में कमरा बुक करवाने के लिए कहा, जिस पर एजैंसी के स्टाफ ने होटल में कमरा बुक करवाने के लिए होटल में फोन किया और एक महंगा कमरा बुक करवा दिया। इस दौरान आरोपी ने रोहतांग और सोलंगनाला घूमने के लिए गाड़ी की व्यवस्था करने को भी कहा। स्टाफ ने गाड़ी भी मंगवा दी और आरोपी को जैसे-तैसे वे वहां से भेजने के चक्कर में थे। इस दौरान आरोपी ने पैसों की मांग भी कर डाली। एजैंसी स्टाफ ने जब फर्जी डी.जी.एम. के लिए कुछ पैसे लेकर आने के लिए एजैंसी संचालक देवेंद्र नेगी को कहा तो वह एजैंसी में आए।

चाय के चक्कर में फंसा आरोपी
एजैंसी की ओर आते समय उन्होंने आई.ओ.सी. के उच्च पदस्थ अधिकारियों से जानकारी ली कि क्या कोई डी.जी.एम. कुल्लू मनाली आए हैं। इस पर अधिकारियों ने बताया कि कोई भी डी.जी.एम. कुल्लू मनाली नहीं आया है। जब वह एजैंसी पर पहुंचे तो उन्होंने आरोपी को सामने बैठाकर कहा कि वे उसे पैसे दे देंगे लेकिन पहले एक-एक कप चाय पी लेते हैं। आरोपी चाय पीने के लिए राजी हुआ और बातों-बातों में ही एजैंसी संचालक ने कई बातें आरोपी से पूछ लीं, जिससे आरोपी के पसीने छूटने लगे। एजैंसी संचालक ने आते समय पुलिस को भी सूचित कर दिया था। इतनी देर में पुलिस की एक टीम भी गैस एजैंसी पहुंच गई। 

पुलिस के सामने उगला राज
पुलिस ने जब सख्ती बरतते हुए आरोपी से कुछ सवाल किए तो आरोपी ने सच उगल दिया। उसने अपने पूरे नाम व पते का खुलासा करते हुए बताया कि वह कोई डी.जी.एम. नहीं है। इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एजैंसी स्टाफ के सामने ऐसे व्यवहार कर रहा था जैसे सच में ही वह कोई बड़ा अधिकारी हो। फर्जी डी.जी.एम. की पहचान श्याम गौड़ पुत्र रामेश्वर दयाल सदानंद कालोनी भंडावर डोसा राजस्थान के रूप में हुई है। फर्जी डी.जी.एम. मनाली में अवैध रूप से उगाही कर रहा था और कई अन्य डिमांड भी कर रहा था। कुल्लू ए.एस.पी. निश्चिंत नेगी ने आरोपी को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।