Hamirpur News: नादौन के जलाड़ी सौंखला में अवैध निर्माण पर TCP विभाग का कड़ा एक्शन, व्यक्ति को नोटिस जारी
punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 06:04 PM (IST)
नादौन (जैन): हमीरपुर जिले की नादौन तहसील के तहत आने वाले राजस्व मुहाल जलाड़ी सौंखला में नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी) नियमों की अनदेखी कर निर्माण कार्य करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया है। टीसीपी विभाग ने बिना अनुमति हो रहे इस निर्माण कार्य पर कड़ा संज्ञान लेते हुए संबंधित व्यक्ति को सख्त नोटिस जारी किया है।
जानकारी के अनुसार यह नोटिस टीसीपी विभाग के नियोजन अधिकारी की ओर से जारी किया गया है। विभाग ने यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम-1977 की धारा 39 की उपधारा-1 के तहत अमल में लाई है। नियोजन अधिकारी द्वारा जारी किए गए इस नोटिस में दो टूक निर्देश दिए गए हैं कि मौके पर चल रहे निर्माण कार्य को तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए।
इतना ही नहीं, विभाग ने आदेश दिए हैं कि जिस जगह पर यह अवैध निर्माण किया जा रहा है, उसे तुरंत उसकी पूर्व की स्थिति में बहाल किया जाए। टीसीपी विभाग ने नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि संबंधित व्यक्ति द्वारा इन निर्देशों की पालना नहीं की जाती है और निर्माण कार्य जारी रखा जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

