टी.बी. रोग नियंत्रण कार्यक्रम में बेहतर कार्य पर जिला कांगड़ा को मेडल

Thursday, Mar 25, 2021 - 11:06 AM (IST)

धर्मशाला (तनुज) : देश में टी.बी. नियंत्रण को 718 चिन्हित जिलों में चलाए गए कार्यक्रम में जिला कांगड़ा पहले 29 जिला में शामिल हुआ है। जिला में क्षय रोग नियंत्रण को लेकर किए जा रहे कार्यांे के चलते बुधवार को विश्व क्षय रोग दिवस के उपलक्ष्य पर दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री द्वारा मेडल देकर सम्मानित किया गया। दिल्ली में इस सम्मान को जिला स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जिला क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. आर.के. सूद ने प्राप्त किया। बुधवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डाॅ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि पिछले 5 वर्षों में जिला कांगड़ा में टी.बी. संक्रमण के मामलों में 20 फीसदी से अधिक की कमी दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि आई.सी.एम.आर. और नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ  एपिडियोलॉजी चेन्नई की ओर से फरवरी माह में एक व्यापक सर्वेक्षण किया गया था। इस सर्वेक्षण में देश के 718 जिलों में से 29 जिलों को मेडल के लिए उपयुक्त पाया गया, जिसमें जिला कांगड़ा भी शामिल है। उन्होंने बताया बुधवार को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री द्वारा क्षय रोग नियंत्रण को लेकर बेहतर कार्य करने पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि विश्व क्षय रोग दिवस विभिन्न स्वास्थ्य खंडों में मनाया गया। वहीं कई स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि अगर टी.बी. की समय पर पता चल जाए और इसका इलाज समय पर हो जाए तो इस बामारी को रोका जा सकता है। उन्होंने बताया कि टी.बी. का इलाज संभव है अगर लोग समय पर इसका इलाज करवा लें। भारत में इस बीमारी से प्रतिदिन 4400 लोग दम तोड़ रहे हैं। वहीं दुनिया में एक वर्ष में एक करोड़ लोग इस बीमारी का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि समय पर जांच, इलाज, रोकथाम और क्षमता निर्माण से इस बीमारी पर नियंत्रण पाया जा सकता है।
 

Content Writer

prashant sharma