विधानसभा : बंद नहीं की सहारा योजना, पात्रों का किया जा रहा सत्यापन : मुख्यमंत्री
punjabkesari.in Saturday, Nov 21, 2026 - 07:04 PM (IST)
तपोवन (धर्मशाला) (भूपिन्द्र): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा में स्पष्ट किया कि प्रदेश में सहारा योजना को बंद नहीं किया है। योजना के तहत पंजीकृत लाभार्थियों का सत्यापन करवाया जा रहा है। पात्रता की पुष्टि होने के बाद जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2023-24 से 1 नवम्बर 2026 तक इस योजना के तहत 81,820 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। उन्होंने कहा कि सहारा योजना के लिए पात्र 20 दिसम्बर तक आवेदन करें। सरकार सभी को पैंशन देगी।
साथ ही उन्होंने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर द्वारा उनके हलके में एक व्यक्ति को मृत घोषित कर पैंशन बंद करने के मामले में कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी। यह बात उन्होंने शनिवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान विधायक रणधीर शर्मा के सवाल के जवाब में हस्तक्षेप करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी विधायक को अपने विधानसभा क्षेत्र में कोई ऐसा व्यक्ति मिलता है, जो योजना का पात्र है और उसे इसका लाभ नहीं मिल रहा है तो इसकी सूचना सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को दी जा सकती है।
संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ता मौके पर जाकर सत्यापन करेगी। इसके बाद मैडीकल बोर्ड की जांच में पात्र पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति की पैंशन शुरू कर दी जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बीच नोक-झोंक हुई। मुख्यमंत्री ने भाजपा पर आरोप लगाया कि पूर्व में योजना में अपने कार्यकर्त्ताओं को शामिल किया गया था। इस टिप्पणी पर जयराम ठाकुर ने कड़ी आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री से माफी मांगने को कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्त्ताओं को इस योजना की जरूरत नहीं है। वे स्वयं सक्षम हैं। इसका लाभ उन लोगों को मिलना चाहिए, जो गंभीर बीमारी के कारण बिस्तर पर पड़े हैं।
जयराम ठाकुर ने अपने विधानसभा क्षेत्र का मामला उठाते हुए कहा कि एक व्यक्ति को जीवित होने के बावजूद मृत घोषित कर दिया गया और उसकी पैंशन बंद कर दी गई। प्रभावित परिवार इस संबंध में उस व्यक्ति को साथ लेकर उनसे मिला था। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतें केवल उनके विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दूसरे क्षेत्रों में भी इस तरह के मामले सामने आए हैं।
इस पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकारें इस तरह काम नहीं करतीं। उन्होंने पलटवार करते हुए विपक्ष के कार्यकाल में मृत व्यक्तियों के तबादले किए जाने का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने जिस व्यक्ति का मामला सदन में उठाया है, उसकी जांच करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ता घर-घर जाकर पात्रों का सत्यापन करवा रही हैं। अधिकांश पंजीकृत लोग इसका फायदा लेने के लिए आगे नहीं आए हैं। जिनको सहारा योजना की आवश्यकता है, वे आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ताओं से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
इससे पहले मूल सवाल का जवाब देते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने बताया कि 11 मई 2026 को सहारा योजना स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को हस्तांतरित की गई थी। योजना के प्रभावी संचालन के लिए इसके नियमों, मानकों और कार्यान्वयन प्रक्रिया में संशोधन किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने 4,050 लाभार्थियों का रिकॉर्ड सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को सौंपा था। वर्तमान में ई-केवाईसी सत्यापन के बाद 4,791 पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता दी जा रही है।

