टंडन जी थे कुशल संगठक, राष्ट्रवादी विचारक और सफल प्रशासकः धूमल

Tuesday, Jul 21, 2020 - 05:22 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव) : वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने लाल जी टण्डन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह कुशल संगठक, राष्ट्रवादी विचारक और सफल प्रशासक थे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के राज्यपाल प्रखर राष्ट्रभक्त व रामभक्त लाल जी टण्डन का निधन दुःखद है। राम मंदिर आंदोलन में भी उनका योगदान प्रभावी था। वे अपने काम को परिणाम तक पहुंचाने में सिद्ध हस्त थे। उन्होंने अपने जीवन का प्रतिपल देश की सेवा में समर्पित किया। भाजपा के लिए यह एक अपूर्णीय क्षति है। 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. अटल जी के निकट सहयोगी रहते हुए उन्होंने लखनऊ और उत्तरप्रदेश के विकास में अतुलनीय योगदान दिया था। उनके द्वारा किये गए विकास कार्यों को वर्षों तक याद किया जाएगा। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के करीबियों में लालजी टंडन का भी नाम आता है। अटल जी के सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने के बाद लखनऊ सीट से लाल जी टंडन चुनाव लड़े थे। उन्होंने वाजपई जी के चुनाव क्षेत्र लखनऊ की कमान संभाली थी। इसके बाद उन्हें 21 अगस्त 2018 को बिहार के राज्यपाल बनाया गया था और बाद में 20 जुलाई 2019 को मध्यप्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। प्रो. धूमल ने कहा कि सम्पूर्ण भाजपा परिवार प्रिय लाल जी टण्डन के निधन से दुःखी है। पार्टी को उनकी कमी लंबे काल तक अखरती रहेगी। प्रभु उनकी आत्मा को सद्गति प्रदान करें। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि वह शोकाकुल परिवार को दुःख सहने की शक्ति दें।
 

Edited By

prashant sharma