बाइक सवारों ने चाचा को गोली और भतीजे को तेजधार हथियार से किया घायल

Monday, Sep 12, 2022 - 10:53 PM (IST)

टाहलीवाल (गौतम): हरोली क्षेत्र के अंतर्गत गांव दुलैहड़ में एक व्यक्ति को सोमवार देर शाम अज्ञात बाइक सवारों ने गोली मार दी। जानकारी के अनुसार सड़क पर जा रहे रविंद्र कुमार सेठी को अचानक गोली मारकर व उसके भतीजे केशव (18)  पर तेजधार हथियार से हमला कर बाइक सवार मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल दुलैहड़ निवासी व्यक्ति को इलाज के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया जबकि उसके भतीजे केशव को दुलैहड़ अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया है।

इस बात की खबर नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री को लगते ही वह भी ऊना अस्पताल पहुंच गए। बताया जा रहा है कि जब रोजाना की तरह चाचा-भतीजा खेल मैदान दुलैहड़ से आ रहे थे तो मोड़ पर किसी अज्ञात बाइक सवार से उनकी बाइक टकरा गई। बहसबाजी के दौरान 2 बाइकों पर सवार 5 अज्ञात लोगों ने दोनों पर हमला कर दिया। चाचा को पेट में गोली मारी और भतीजे के सिर पर तेजधार हथियार से हमला करने के बाद अज्ञात बाइक सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस द्वारा मौके का निरीक्षण कर तथ्यों को खंगालते हुए आरोपियों की तलाशी की जा रही है। डी.एस.पी. हरोली अनिल पटियाल ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है। शीघ्र उनके बयान कलमबद्ध किए जाएंगे। मौके का निरीक्षण किया गया है और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Content Writer

Kuldeep