एक रात में चोरों ने 3 घरों से उड़ाई नकदी, कैसे की चोरी पढि़ए

Monday, Jul 16, 2018 - 05:31 PM (IST)

टाहलीवाल: हरोली थाना के अंतर्गत पड़ते गांव साहूवाल में रविवार रात को चोरों ने 3 घरों में सेंधमारी की। तीनों घर लालूवाल पोलियां बीत सड़क के किनारे हैं और जिन घरों में चोरी हुई, वे भी आमने-सामने हैं। इसके बावजूद घर के मालिकों को कुछ पता नहीं चल पाया कि चोर कब चोरी करने आए और चले गए। जानकारी के अनुसार रविवार रात को साहूवाल के 3 घरों में चोरों ने तीनों घरों की खिड़की की ग्रिल उखाड़कर चोरी को अंजाम दिया और हजारों की नकदी लेकर फरार हो गए। मनजोत सिंह के घर से 15 हजार, अमरजीत सिंह के घर से 10 हजार और बलदेव सिंह के घर से भी 10 हजार रुपए की नकदी चुराई है। जब चोरी हुई तो घर के सभी सदस्य ए.सी. लगाकर दूसरे कमरे में सो रहे थे।


घर वालों को लगा सुबह पता
चोरी होने बारे घरवालों को टूटी ग्रिल को देखने के बाद सुबह पता चला। सोमवार को चोरी की शिकायत पुलिस चौकी टाहलीवाल में दर्ज करवाई गई। पुलिस द्वारा घटना स्थल का मुआयना किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  डी.एस.पी. हरोली कुलविन्द्र सिंह का कहना है कि गांव साहूवाल में बीती रात 3 घरों में हुई चोरी बारे मामला दर्ज किया गया है। मामले की मुस्तैदी से जांच की जा रही है।

Kuldeep