Sirmaur: मेडिकल कॉलेज को शिफ्ट करने के विरोध में नाहन में दिया सांकेतिक धरना

punjabkesari.in Tuesday, May 13, 2025 - 02:49 PM (IST)

नाहन (आशु): डाॅ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज को शिफ्ट किए जाने का विरोध अब आर-पार की लड़ाई तक पहुंच गया है। शहर के ऐतिहासिक बड़ा चौक बाजार से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं सहित लोगों ने इस मुद्दे पर आंदोलन का बिगुल बजा दिया है। नाहन अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज बचाओ समिति के बैनर तले भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं सहित लोगों ने करीब 4 घंटे तक यह सांकेतिक धरना दिया। मंच से वक्ताओं ने मेडिकल कॉलेज के मुद्दे पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को घेरते हुए चेतावनी दी कि अभी सांकेतिक धरना दिया गया है। यदि इसके बावजूद भी सरकार ने मेडिकल कॉलेज की यहां से शिफ्टिंग की सोच को नहीं त्यागा, तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा, लेकिन किसी भी कीमत इस स्वास्थ्य संस्थान से किसी भी तरह की छेड़छाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन की तस्वीर और तकदीर बदलने वाला संस्थान है। इस संस्थान को नाहन से बाहर ले जाना, नाहन की जनता के भाग्य पर कुठाराघात है। सांकेतिक धरने के दौरान खास बात यह भी रही कि मंच पर मैडीकल कॉलेज एवं अस्पताल के शिलान्यास एवं भूमि पूजन के समय जारी किए गए नमूने ब्रोशर के अनुसार पोस्टरों के माध्यम से मेडिकल कॉलेज निर्माण का स्वरूप भी दर्शाया गया था।
PunjabKesari

पहले फाऊंड्री बर्बाद और अब मेडिकल कॉलेज की बारी
मंच से लोगों को सम्बोधित करते हुए डाॅ. बिंदल ने कहा कि आजादी के बाद से दशकों तक नाहन में कोई बड़ा प्रकल्प नहीं आया, जिससे शहर की ग्रोथ रुक गई। पूर्व में नाहन फाऊंड्री हुआ करती थी, जिसमें लगभग एक हजार लोग रोजगार करते थे और शहर जीवंत था। फाऊंड्री बंद होने के बाद केवल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल एकमात्र प्रकल्प आया, जिसने शहर को दोबारा जीवन प्रदान करना शुरू किया।

500 बिस्तर का बनना है अस्पताल
डॉ. बिंदल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के भवन पूर्ण होने पर 500 बिस्तरों का अस्पताल होगा। 200 से अधिक चिकित्सक होंगे। 1000 से अधिक अन्य स्टाफ होगा। 500 विद्यार्थी होंगे। 3000 लोग प्रतिदिन ओपीडी में आएंगे। 2000 के लगभग अभिभावक प्रतिदिन शहर में आएंगे व यहां रहेंगे। लगभग 10,000 लोगों का आवागमन शहर में होगा, जिससे हजारों रोजगार प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सृजित होंगे।

अभी 200 बिस्तर का चल रहा अस्पताल
डॉ. बिंदल ने कहा कि आज भी 200 बिस्तर का अस्पताल चल रहा है। 1500 की ओपीडी है, 100 डॉक्टर हैं और 300 का स्टाफ है। 500 बच्चे हैं और 5000 लोगों का आवागमन प्रतिदिन है। जरा विचार कीजिए क्या नाहन को इतना बड़ा प्रकल्प और कभी मिल सकता है।

चक्रव्यूह में फंस कर नाहन को कर रहे बर्बाद
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मरीजों का इलाज उनकी सेवा का बड़ा केंद्र यहां बनने जा रहा है, जिसे बंद करने का षड्यंत्र किया जा रहा है। इस षड्यंत्र में नाहन के नेता चक्रव्यूह में फंसकर शहर को बर्बाद करने में जुटे हैं।

बाईपास और टनल बनने से बदलेगी नाहन की तस्वीर
डाॅ. बिंदल ने कहा कि बदलते परिवेश में नाहन का बाईपास भी बनेगा। नाहन की टनल भी बनेगी और यदि मेडिकल कॉलेज भी यहां से शिफ्ट हो गया तो नाहन शहर बर्बाद हो जाएगा।

सारी सुविधाएं उपलब्ध, फिर शिफ्टिंग क्यों?
डाॅ. बिंदल ने सवाल किया कि मेडिकल कॉलेज की सभी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए माकूल भूमि, जल, सड़क, बिजली, पानी, पार्किंग के लिए स्थान उपलब्ध है और योजना का हिस्सा है। बावजूद इसके फिर शिफ्टिंग क्यों की जा रही है। ये लोगों की समझ से परे है।

निर्माण कार्य खा रहे जंग
डाॅ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए अढ़ाई साल बीत चुके हैं। अढ़ाई वर्षो तक मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन भवन सभी पूर्ण हो जाने चाहिए थे। आगे का काम शुरू होना चाहिए था, लेकिन ढाई वर्षो तक काम को बंद करके रखा गया है। कामों को जंग लगा दिया है और अब शिफ्ट करने की बात की जा रही है।

विस्तारीकरण धोखा और मायाजाल
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विस्तारीकरण शब्द केवल धोखा है, मायाजाल है। मैडीकल कॉलेज में तीन ऑक्सीजन प्लांट है। 25 वैंटीलेटर हैं। विश्व का बेहतरीन सीटी स्कैन, एक्स-रे व अल्ट्रासाऊंड है। अच्छे ऑप्रेशन थिएटर हैं। इन्हें और बढ़ाना चाहिए था, लेकिन नहीं बढ़ाया गया। मातृ एवं शिशु अस्पताल निर्माण के 20 करोड़ रुपए अलग से आए हुए हैं। उसका भवन भी रोक दिया गया है। आज जरूरत है कि रुके हुए काम को दोबारा शुरू किया जाए।

सांकेतिक धरने में ये रहे मौजूद
सांकेतिक धरने के दौरान पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, नगर परिषद नाहन की अध्यक्ष श्यामा पुंडीर, उपाध्यक्ष अविनाश गुप्ता सहित धारटी नाहन भाजपा मंडल के अध्यक्ष संजय पुंडीर, प्रदेश भाजपा सचिव मनीष चौहान, मनीष अग्रवाल, पार्षद संध्या अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग, युवा भाजपा नेता भावन शर्मा, तपिंद्र शर्मा, मलकीत सिंह, प्रीत मोहन शर्मा, विरेंद्र शर्मा, विशाल तोमर सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी व ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी मौजूद रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News