चुराह के श्लेलाबाड़ी में महिला की संदिग्ध मौत, जहर की शीशियां बरामद

Thursday, Nov 25, 2021 - 04:38 PM (IST)

चम्बा (काकू चौहान): जिले के चुराह क्षेत्र के श्लेलाबाड़ी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। शव के पास जहर की शीशियां भी बरामद हुई है। इससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। वहीं महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पति को हिरासत में ले लिया है। आई.पी.सी. 306 के तहत मुकदमा दर्ज किया कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को कांता और उसका पति दोनों घर पर थे। रात करीब 8 बजे अचानक महिला की मौत हो गई। बुधवार को सुबह महिला के भाई ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लिया।

इस दौरान पुलिस को महिला के शव के पास जहरीले पदार्थ की शीशियां बरामद हुई। इसके अलावा छाती पर चोट के निशान मिले हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि उसका पति अक्सर उसे प्रताडि़त करता रहता था। उस पर शक करता था। इसके चलते लड़ाई झगड़ा होता रहता था। प्रताडऩा से तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। हालांकि मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा। इसके अलावा फारैंसिक टीम भी जांच में जुटी है। एस.पी. अरूल कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस ने आई.पी.सी. 306 के तहत मुकदमा दर्ज कर पति को हिरासत में लिया है। मामले की गहनता से जांच चल रही है।

Content Writer

Kaku Chauhan