कंडा जेल में सजा काट रहे कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Sunday, Apr 23, 2017 - 06:57 PM (IST)

शिमला: कंडा जेल में सजा काट रहे एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है और मामले की न्यायिक जांच की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात कंडा जेल में चैक बाऊंस मामले में सजा काट रहे मंडी के सूरज मणि (50) की अचानक तबीयत खराब हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस कर्मचारी ने रात 11.56 बजे उसे इलाज के लिए आई.जी.एम.सी. पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार उक्त कैदी एक नेता का  रिश्तेदार है और 2 व 3 लाख के चैक बाऊंस मामले में सजा होने के बाद 16 मार्च, 2017 को कंडा जेल में लाया गया था। 

जेल में ही हो चुकी थी कैदी की मौत
उक्त कैदी के चचेरे भाई तिलक ने बताया कि रविवार सुबह 6 बजे कंडा जेल से पुलिस ने उन्हें सूचना दी कि उनके भाई की मौत हो चुकी है। उन्हें यह बताया गया कि सूरज की तबीयत खराब होने पर उसे आई.जी.एम.सी. ले जाया गया जहां उसकी मौत हुई है। उसने आरोप लगाया है कि किसी व्यक्ति ने उसे बताया कि सूरज की मौत कंडा जेल में ही हो गई थी और बाद में पुलिस उसे आई.जी.एम.सी. ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसने कहा की सूरज की मौत रात 12 बजे ही हो गई थी लेकिन पुलिस ने उन्हें सुबह 6 बजे सूचना दी। उन्होंने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है और मामले की न्यायिक जांच की मांग की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के सही कारणों का खुलासा
आई.जी.एम.सी. के डा. रमेश चंद एम.एस. ने बताया कि अस्पताल में देर रात कंडा जेल से कैदी लाया गया था जिसकी मौत हो गई और मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। वहीं एस.पी. शिमला डी.डब्ल्यू. नेगी का कहना है कि कंडा जेल में कैदी की मौत होने का मामला हमारे पास आया है। फिलहाल जांच चल रही है। कैदी की मौत कैसे हुई है, इसको लेकर अभी कुछ भी नहीं बताया जा सकता है। आई.जी.एम.सी. में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।