सोलन में ग्रेट खली की रेैसलिंग प्रतियोगिता पर सस्पैंस!

Wednesday, Jul 04, 2018 - 09:44 PM (IST)

सोलन: 7 जुलाई को पुलिस लाइन मैदान में होने वाली ग्रेट खली की रेैसलिंग प्रतियोगिता पर सस्पैंस गहरा गया है। प्रतियोगिता के आयोजन के लिए अभी तक कोई तैयारी शुरू नहीं हुई है। सरकार के पीछे हटने के बाद अब प्रशासन ने भी प्रतियोगिता से दूरी बना ली है। मजेदार बात यह है कि सरकार व प्रशासन ने इस प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर एक माह पूर्व तैयारियां शुरू कर दी थीं। इसे देखते हुए लोगों के बीच यह संदेश भी गया कि इस प्रतियोगिता का आयोजन सरकार ही कर रही है।


लोग मुफ्त में देख सकते हैं प्रतियोगिता
25 जून को खेल मंत्री गोविन्द ठाकुर की अध्यक्षता में जिला के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में इस प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर चर्चा हुई थी। इसी बैठक में प्रतियोगिता के लिए टिकट के रेट भी प्रस्तावित हुए, जिसे मंजूरी के लिए सरकार को भेजा गया। अब लगता है कि मंडी की तरह लोग इस प्रतियोगिता को मुफ्त में देख सकते हैं क्योंकि टिकट बेचने के लिए अब समय नहीं रहा है।


अधिकारियों को नहीं आयोजन की जानकारी
हैरानी की बात यह है कि सोलन में इस प्रतियोगिता के आयोजन के बारे में अधिकारियों को कोई जानकारी ही नहीं है। कुछ रोज पूर्व अधिकारी इस प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर बैठकें कर रहे थे। अब प्रतियोगिता के लिए केवल 2 दिन का समय बचा है तो अधिकारियों द्वारा जानकारी न होने का हवाला दिया जा रहा है। इस प्रतियोगिता के आयोजन के लिए अलग-थलग पड़े ग्रेट खली के लिए सोलन में इस प्रतियोगिता का आयोजन करना किसी चुनौती से कम नहीं है। मंडी से लौटते ही उन्हें बिना आराम किए प्रतियोगिता के आयोजन के लिए तैयारी शुरू करनी पड़ेगी।

Vijay