DC चम्बा की सिफारिश पर मैहला बाल आश्रम के 4 कर्मचारी Suspend

Saturday, Sep 15, 2018 - 09:58 PM (IST)

चम्बा: मैहला बाल आश्रम में तैनात 4 कर्मचारियों को विभाग ने डी.सी. चम्बा हरिकेश मीणा की सिफारिश पर सस्पैंड कर दिया है। इस बारे में जिला प्रशासन को शुक्रवार को पत्र मिल गया था, ऐसे में अब इस बाल आश्रम की भोजन व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रशासन ने अस्थायी तौर से व्यवस्था कर दी है। प्रशासन ने बच्चों को शुक्रवार शाम का खाना व शनिवार सुबह के नाश्ते की व्यवस्था पर्यटन निगम के होटल इरावती से की। उधर, इस मामले पर अब संबंधित विभाग ने अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है। राज्य बाल काऊंसिल की महासचिव पायल वैद्य ने शनिवार को जिला चम्बा पहुंच कर इस मामले की अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार शनिवार को उनके साथ ए.डी.सी. चम्बा हेमराज बैरवा, एस.डी.एम. चम्बा दीप्ति मंढोत्रा व जिला बाल सुरक्षा परियोजना अधिकारी डा. पी.के. गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।

एस.डी.एम. चम्बा ने किया था बाल आश्रम का दौरा
गौरतलब है कि चंद रोज पहले एस.डी.एम. चम्बा जब मैहला बाल आश्रम में रहने वाले बच्चों से मिलने के लिए गई थीं तो बच्चों ने वहां तैनात कुछ कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिनमें उनके साथ मारपीट करने की बात भी शामिल थी। इसके साथ ही एस.डी.एम. चम्बा ने स्वयं जब आश्रम के रसोई घर का मुआयना किया तो उन्हें वहां की व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई नजर आई। बच्चों की शिकायतों के साथ अपने अनुभव के आधार पर एस.डी.एम. चम्बा ने डी.सी. चम्बा को इस बारे में अपनी रिपोर्ट बना कर सौंपी थी।

डी.सी. चम्बा ने विभाग को लिखा था पत्र
बच्चों से जुड़े इस मामले की गंभीरता को देखते हुए डी.सी. चम्बा ने उक्त चारों कर्मचारियों को सस्पैंड करने के लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखा था। इस पत्र पर शुक्रवार को चारों कर्मचारियों के सस्पैंड होने के आदेश जिला प्रशासन को मिल गए। डी.सी. चम्बा के पत्र के आधार पर प्रदेश बाल कल्याण परिषद ने जिन कर्मचारियों को सस्पैंड किया है, उनमें नमिता हैल्पर कम आया, अशोक कुमार कार्यालय प्रभारी, अनीता देवी सहायिका व किशोरी लाल हाऊस फादर कम चौकीदार शामिल हैं।

Vijay