किलाड़ अस्पताल में सर्जन ने ही करवा दिया सफल प्रसव, बेसुध पैदा नवजात को 20 मिनट मुंह से दी सांस

punjabkesari.in Saturday, Jul 16, 2022 - 09:55 PM (IST)

चम्बा (काकू चौहान): नागरिक अस्पताल किलाड़ में गायनी विशेषज्ञ न होने के कारण सर्जन ने एक महिला का सफल प्रसव करवाया। महिला का सिजेरियन हुआ है। आप्रेशन के बाद जच्चा व बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। बड़ी बात यह है कि इस हाई रिस्क डिलीवरी में जच्चा व बच्चा दोनों की जान को खतरा था। इसके बावजूद सर्जन डाॅ. विशाल शर्मा व उनकी टीम ने प्रसव करवाने का जोखिम उठाया। करीब 40 मिनट तक चले ऑप्रेशन के बाद महिला ने बच्ची को जन्म दिया है। शनिवार को 22 वर्षीय गर्भवती महिला को गंभीर हालत में किलाड़ अस्पताल लाया गया। 

चिकित्सकों ने जब जांच की तो नवजात का एक पैर बाहर निकल आया था। ऐसी स्थिति में महिला को अन्य अस्पताल रैफर करना जोखिमपूर्ण हो सकता था। यहां से सबसे नजदीकी कुल्लू अस्पताल है। जहां पहुंचने के लिए करीब 9 घंटे लग जाते हैं जब तक महिला को अस्पताल पहुंचाया जाता कुछ भी हो सकता था। इसको देखते हुए सर्जन डाॅ. विशाल शर्मा ने अस्पताल में ही प्रसव करवाने का फैसला लिया। उन्होंने आईजीएमसी स्थित महिला रोग विशेषज्ञ से परामर्श लिया लेकिन उन्होंने भी रैफर करने की ही सलाह दी।

इसके बावजूद उन्होंने महिला की हालत को देखते हुए अपने रिस्क पर प्रसव करवाने की तैयारी शुरू की। उनके साथ एमओ डाॅ. मुनीश पंडित व स्टाफ नर्स चम्पा भी प्रसव करवाने में जुट गए। लगभग 40 मिनट तक चले आप्रेशन के बाद प्रसव करवा दिया, लेकिन बच्ची बेसुध थी। जन्म के बाद वह सांस नहीं ले रही थी। चिकित्सक ने अपने मुंह से लगभग 20 मिनट तक सांस दी। इसके बाद बच्ची चिल्ला उठी। अब बच्ची व उसकी माता दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्हें वार्ड में दाखिल किया गया है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News