सस्पैंस बरकरार, सुरेश चंदेल ने नहीं खोले पत्ते

Wednesday, Apr 10, 2019 - 12:17 PM (IST)

 

हमीरपुर (पुनीत/मुनीष): हमीरपुर संसदीय सीट से कांग्रेस की ओर से भी प्रत्याशी घोषित होने के बावजूद भाजपा व कांग्रेस में सस्पैंस बरकरार है। धुकधुकी इसलिए बढ़ी हुई है क्योंकि पूर्व सांसद सुरेश चंदेल ने अपनी भविष्य की राजनीति से पर्दा नहीं उठाया है। अब उनके ऊपर सबकी निगाहें टिकी हैं कि वह कौन-सी राह अपनाते हैं। निर्दलीय लोकसभा चुनाव लड़ते हैं या फिर कांग्रेस का दामन थाम लेते हैं।

बताते हैं कि अगर सुरेश चंदेल को कांग्रेस की ओर से टिकट मिलता तो हमीरपुर के एक नेता जोकि वर्तमान में पार्टी से नाराज चल रहे हैं, भी अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का हाथ थाम सकते थे जिससे मुकाबला और ज्यादा रोचक हो जाता। फिलहाल सुरेश चंदेल के टिकट की रेस से बाहर होने से उक्त नेता का हाथ से हाथ मिलाना भी अब आगे के लिए खिसक गया है। बता दें कि भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व 3 बार सांसद रहे सुरेश चंदेल के भविष्य के निर्णय का भी इस बार के चुनाव पर अच्छा-खासा असर पड़ सकता है। पूर्व सांसद सुरेश चंदेल का कहना है कि अभी सारे विकल्प खुले हैं तथा अपने शुभचिंतकों व समर्थकों से चर्चा व सलाह-मशविरा कर रहे हैं जिसके बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा। 

बैनी प्रसाद सहित 3 की कांग्रेस में वापसी

विधानसभा चुनावों में पार्टी के विरुद्ध काम करने के आरोपों के चलते बैजनाथ व पालमपुर से कांग्रेस से निलंबित किए गए कुछ कार्यकर्ताओं की वापसी हो गई है। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले की गई इस वापसी को पार्टी की एकजुटता की दृष्टि से देखा जा रहा है। इसको लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने पत्र लिखकर उन्हें एकजुट होकर कांग्रेस के लिए कार्य करने को कहा है। इनमें बैजनाथ क्षेत्र से महाकाल से विलायती राणा, झिकली भेठ से हौंसर राम, सेहल से सुखराम तथा पालमपुर के बंदला से बैनी प्रसाद शामिल हैं। उधर कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रजनीश किमटा ने भी इसकी पुष्टि की है।

जो जिम्मेदारी दी उसे निभा रहा हूं: सुशांत

पूर्व भाजपा सांसद राजन सुशांत की भी अभी भाजपा में वापसी नहीं हुई है। हालांकि भाजपा के लिए यह सुखद है कि इस बार उन्होंने लोकसभा चुनावी रण में नहीं उतरने का फैसला लिया है। वर्तमान में सुशांत मिशन मोदी अगेन पी.एम के प्रदेश अध्यक्ष हैं। पूर्व में वह आम आदमी पार्टी के टिकट पर कांगड़ा ससंदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ था। राजन सुशांत ने कहा कि जो जिम्मेदारी मुझे दी है उसको मैं पूरी निष्ठा से निभा रहा हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन लोकसभा चुनावों में एक बार फिर अपनी सरकार बनाएंगे और इसमें योगदान देने के लिए मैं भी कार्य कर रहा हूं। 

Ekta