खेतों में काम कर रही 3 महिलाओं पर झपटा तेंदुआ, 2 घायल

Saturday, Jul 21, 2018 - 08:51 PM (IST)

 सुंदरनगर: सुंदरनगर के जुगाहण में खेतों में काम कर रही 3 महिलाओं पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में महिलाओं ने दराटी से किसी तरह जान बचाई लेकिन इस दौरान दो महिलाएं घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार खेतों में काम कर रही 3 महिलाओं पर अचानक खेतों में घुस आए एक तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुआ पहले सरला देवी (58) पत्नी साध राम पर झपटा तो सरला ने एकदम अपना बचाव करते हुए घास काटने में प्रयोग की जा रही दराटी से अपनी सुरक्षा की लेकिन इस दौरान उनके गर्दन और कंधे में चोट आई। दूसरी ओर लपक कर तेंदुआ वहां काम कर रही शीला देवी पत्नी लालमन पर भी झपटा और शोर मचाते ही दोनों को घायल कर तेंदुए ने 50 मीटर की दूरी पर काम कर रही एक अन्य महिला पर भी हमला किया। इस दौरान जोर-जोर से चिल्लाने का शोर सुनकर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को खदेड़ा।


विभाग से की आदमखोर तेंदुए को पकडऩे की मांग
स्थानीय लोगों ने घायलों को सुंदरनगर नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उनके उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया है। पंचायत प्रधान धर्मी चौधरी ने कहा कि घटना की सूचना सुकेत वन अधिकारी सुमित भारद्वाज को कर दी गई है। उन्होंने वन विभाग से त्वरित कार्रवाई करते हुए पिंजरा लगा कर आदमखोर होते जा रहे तेंदुए को पकडऩे की मांग की है। सुकेत वन अधिकारी सुमित भारद्वाज ने कहा कि शिकायत आते ही सुकेत वन परिक्षेत्र अधिकारी को मौके पर भेजा है। आवश्यक हुआ तो पिंजरा लगाया जाएगा।

 

Kuldeep