हिमाचल में गर्मी का कहर, सोलन में 36 डिग्री और BBN में 40 के पार पहुंचा पारा

Monday, Jun 10, 2019 - 10:00 AM (IST)

सोलन: जिला में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है और पारा 36 के पार पहुंच चुका है। जिला के मैदानी क्षेत्रों में तो तापमान इससे कहीं अधिक है। गर्मी के कारण इस बार आग की घटनाएं भी अधिक हो रही हैं। सोलन वन मंडल में कई दिनों से प्रतिदिन 2-3 स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। रविवार को सोलन के बसाल और ओच्छघाट में आग लग गई। सोलन वन मंडल के तहत इस फायर सीजन में अब तक करीब 50 आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। इसमें अब तक करीब साढ़े 500 हैक्टेयर जंगल जलकर राख हो चुके हैं। इससे बेशकीमती वन संपदा व वन्य प्राणियों का नुक्सान हुआ है।

शनिवार को सोलन समीप बड़ोग जंगल में व धर्मपुर के समीप काद्दों में आग लग गई। वन विभाग के कर्मचारियों ने इसे बुझाया तो रविवार को ओच्छघाट और बसाल में आग भड़क गई। जंगलों में आग से पूरे सोलन शहर व आसपास के क्षेत्रों में धुआं ही धुआं नजर आ रहा है। ओच्छघाट में आग लोगों के घरों के समीप पहुंच गई थी। इसके बाद अग्रिशमन विभाग के कर्मचारी अग्रिशमन वाहनों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और आग बुझाई। जिला में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है।

नौणी वि.वि. में रविवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री था। मैदानी क्षेत्रों में नालागढ़, बद्दी व बरोटीवाला में तो तापमान 40 डिग्री से अधिक है। लोगों का गर्मी में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पानी के स्रोत सूखते जा रहे हैं। सबसे अधिक मुसीबत जंगली जानवरों के लिए हो रही है। जंगल आग से राख हो रहे हैं व खाने को कुछ नहीं मिल रहा, जबकि पानी के स्रोत गर्मी से सूख रहे हैं।

 

kirti