सफल कार्यकाल के पीछे संगठन व सरकार की जुगलबंदी: सुक्खू

Sunday, Dec 04, 2016 - 10:58 AM (IST)

नादौन: प्रदेश सरकार के 4 वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश का विकास हुआ है तथा विकास का क्रम अगले वर्षों में भी बना रहेगा। सरकार की नीतियों के सफल कार्यान्वयन के पीछे सरकार और संगठन का बेहतर तालमेल है। यह बात कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन दौरे के दौरान पत्रकारों से कही।


उन्होंने कहा कि सरकार का कार्यकाल लोगों के दिलों में बस चुका है। प्रदेश सरकार का हरेक विभाग जन कल्याण के कार्यों में ईमानदारी से लगा हुआ है। प्रदेश सरकार ने जब से सत्ता संभाली है जन कल्याण नीतियों को लागू किया है। प्रदेश सरकार ने पिछड़े व गरीब वर्ग के लिए अनेक घोषणाएं की हैं। गरीब परिवारों को घर बनाने के लिए दी जाने वाली राशि को बढ़ाया गया है, सामाजिक सुरक्षा पैंशन के सभी लंबित मामलों को स्वीकृति दी गई है तथा इसमें इजाफा किया गया है।


टी.डी. नियमों को सरल बनाया गया है। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि नादौन क्षेत्र में कोहला गांव की सिंचाई योजना तैयार है जिससे 12 पंचायतों को लाभ पहुंचेगा जिसको शीघ्र ही जनता को समर्पित किया जाएगा। ब्यास नदी वाली प्रस्तावित 1 अरब रुपए की सिंचाई योजना के लिए कुछ गांव छूट गए थे उन्हें जोड़ा गया है जिससे सैंकड़ों किसानों को फायदा होगा। कार्य की पूर्ण समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि यह उनका सपना रहा है कि नादौन अग्रणी क्षेत्र बने क्योंकि यह बेहद उपजाऊ भूमि वाला क्षेत्र है परंतु पानी की कमी के चलते यह पिछड़ता जा रहा है। लिहाजा अब इस क्षेत्र को 12 माह की सिंचाई व्यवस्था से जोड़ा जाएगा ताकि यह क्षेत्र अपनी पूरी क्षमता का प्रदर्शन कर सके और यहां के किसान खुशहाल जीवन-यापन करें।