सुखविंद्र सिंह आत्महत्या मामले में नया मोड़, डांसर के खिलाफ केस दर्ज

Tuesday, Mar 20, 2018 - 11:26 AM (IST)

कुल्लू (शम्भू प्रकाश): धार्मिक पर्यटन नगरी मणिकर्ण में गुरुद्वारा के समीप पंजाब के लुधियाना निवासी सुखविंद्र सिंह (36) की मौत मामले में अब नया मोड़ आ गया है। पुलिस को मिले सुसाइड नोट में ब्लैकमेलिंग के आरोपों के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने एक महिला के खिलाफ भा.दं.सं. की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के भाई राजेंद्र सिंह ने पुलिस के पास अपने बयान दर्ज करवाते हुए मामले में उचित कार्रवाई कर इंसाफ  की मांग की है। राजेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि सुखविंद्र घर से 11 मार्च को भाग गया था। 


परिजनों की 16 मार्च तक उससे बात हुई, उसके बाद उसका मोबाइल फोन स्विॅच आफ  हो गया। 17 मार्च सुबह करीब 6 बजे उसने अपनी पत्नी को फोन कर सुसाइड की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि डांसर कविता खन्ना द्वारा ब्लैकमेल किए जाने का भी बातचीत के दौरान जिक्र किया था। कविता खन्ना के साथ पहले समझौता हुआ था। इसको लेकर लिखित व कानूनी कार्रवाई भी हुई थी। इसके बावजूद कविता खन्ना ने सुखविंद्र सिंह को फोन कर ब्लैकमेल करना शुरू किया। 


सुखविंद्र लुधियाना में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था और उसके बाद महिला डांसर कविता खन्ना के संपर्क में आया था। इसके बाद वह तनाव में रहता था और महिला डांसर ने उससे 15 लाख रुपए की मांग की थी जिससे तंग आ कर उसने आत्महत्या की घटना को अंजाम दिया। सुखविंद्र के भाई राजेंद्र सिंह ने कहा कि उसको इंसाफ मिले और कविता खन्ना पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सुखविंद्र ने छत से कूदकर मणिकर्ण में आत्महत्या की थी। ए.एस.पी. निश्चिंत नेगी ने बताया कि शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। 
 

Punjab Kesari