सुक्खू के साथ चुनावों में उतरने को राजी नहीं CM वीरभद्र, जानिए वजह

Tuesday, May 30, 2017 - 09:58 AM (IST)

शिमला (पत्थरिया): मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के बीच चल रहे विवाद को हल करवाने के मकसद से हाईकमान द्वारा बुलाई गई बैठक बेनतीजा रही। नई दिल्ली में हिमाचल कांग्रेस प्रभारी अंबिका सोनी के निवास पर हुई बैठक में जाने से पहले तो वीरभद्र सिंह ने साफ इंकार कर दिया लेकिन जब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल ने खुद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से बात की तो वह बैठक में भाग लेने पहुंच गए। 


सुक्खू ने भी मुख्यमंत्री पर बार-बार अपने खिलाफ बयानबाजी करने की बात खी
करीब आधा घंटा चली इस बैठक में अहमद पटेल और अंबिका सोनी ने दोनों पक्षों को सुना। सूत्रों की मानें तो वीरभद्र ने सुक्खू के कांग्रेस अध्यक्ष पद पर रहते हुए उनके साथ विधानसभा चुनावों में चलने को साफ इंकार कर दिया है। वहीं सुक्खू ने भी मुख्यमंत्री पर बार-बार अपने खिलाफ बयानबाजी करने की बात वहां रखी है। अब हाईकमान की ओर से अधिकृत अहमद पटेल और अंबिका सारी वस्तुस्थिति पर अपनी रिपोर्ट सोनिया गांधी और राहुल गांधी को सौंपेंगे। उसके बाद कांग्रेस हाईकमान इस विवाद के स्थायी हल के लिए बड़ा निर्णय लेगा।


वीरभद्र चुनावों की तैयारियों को लेकर हाईकमान के संपर्क में
उल्लेखनीय है कि वीरभद्र इन दिनों दिल्ली में अपने केस के सिलसिले में गए हुए हैं और इस दौरान वह कुछ माह बाद होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर कांग्रेस हाईकमान के वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा भी कर रहे हैं। पार्टी विधायकों की मर्जी के बिना उनके हलकों से उनके ही धुर विरोधियों को संगठन में पद देने के आरोप सुक्खू पर लगते आए हैं। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री अनेक बार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कार्यशैली पर गंभीर टिप्पणियां भी कर चुके हैं। ठीक इसी प्रकार से मुख्यमंत्री की टिप्पणियों से आहत कांग्रेस अध्यक्ष भी उन्हें जवाब देने से कई बार खुद नहीं रोक सके हैं।