मोदी की रैली पर सुक्खू ने साधा निशाना, कहा-हिमाचल की जनता से किया धोखा

Saturday, Apr 29, 2017 - 09:09 AM (IST)

शिमला (विकास शर्मा): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बीते दिन हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को कोंग्रेस ने हिमाचल की जनता के साथ धोखा करार दिया है। कोंग्रेस का कहना है कि हिमाचल की जनता को मोदी से काफी उम्मीदें थीं लेकिन मोदी ने शिमला के रिज मैदान पर प्रदेश के लिए कोई भी घोषणा नही की। प्रदेश कोंग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मोदी पर लोगों को झूठे सपने दिखा कर अपनी राजनितिक रोटियां सेंकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने मोदी का खुले दिल से स्वागत किया और लोगों को उम्मीदें थीं लेकिन मंडी की रैली की तरह मोदी ने शिमला में भी प्रदेश की जनता को कुछ नही दिया है।

हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों से शुरू हुईं उड़ानें
उन्होंने कहा कि दिल्ली से शिमला के बीच हवाई उड़ानें प्रदेश हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद शुरू हुई हैं। मोदी उड़ान योजना का नाम देकर इसका झूठा श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आर्मी के जवान आए दिन आतंकी और नक्सली हमलों में मारे जा रहे हैं लेकिन मोदी उन पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। 

बिना सबसिडी वाला सिलैंडर 270 रुपए महंगा
उन्होंने कहा कि बीते 6 महीनों में बिना सबसिडी वाला सिलैंडर 270 रुपए महंगा हुआ है। आए दिन रसोई गैस के दाम बढ़ाकर आम आदमी की जेब पर बोझ डाला जा रहा है। गृहिणियों का घर चलाना मुश्किल हो गया है। महंगाई का रोना रोने वाले भाजपा के नेता अब हर जीवन उपयोग वस्तु के महंगी होने पर क्यों जनता से नजरें चुरा रहे हैं।