कसौली गोलीकांड में पुलिस की लापरवाही पर बरसे सुक्खू, BJP पर साधा निशाना

Sunday, May 06, 2018 - 07:22 PM (IST)

नादौन: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कसौली गोलीकांड को लेकर जयराम सरकार को एक बार फिर कटघरे में खड़ा किया है। सुक्खू ने कहा कि जयराम सरकार को सत्ता के नशे से बाहर निकलने की जरूरत है। कश्मीर पंचायत में उन्होंने जनसभा में कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। कसौली में ए.टी.पी. शैल बाला शर्मा की हत्या के मामले में राज्य की खुफिया एजैंसियां भी फेल हुई हैं। ए.टी.पी. की गोलियां मारकर हत्या करने के बाद आरोपी घर में रहा और पुलिस सहित खुफिया एजैंसियों को कानोंकान खबर तक नहीं लगी। पुलिस की नाकाबंदी भी नाकाम रही और आरोपी वृंदावन तक पहुंचने में सफल रहा।


अंधेरे में तीर चलाती रही हिमाचल पुलिस
उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस के साथ होने पर ही आरोपी हिमाचल पुलिस की गिरफ्त में आ पाया वर्ना हिमाचल पुलिस इस मामले में भी अंधेरे में तीर चलाती रहती। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार को नींद से जागकर पुलिस-प्रशासन के पेंच कसने की जरूरत है वर्ना अधिकारियों का काम करना और आम आदमी का घर से निकलना मुश्किल हो जाएगा। चूंकि आपराधिक तत्व बेखौफ  वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।


एस.पी. और डी.एस.पी. को हटाकर मुंह नहीं मोड़ सकती सरकार
उन्होंने कहा कि सरकार कसौली गोलीकांड में एस.पी. और डी.एस.पी. को हटाकर अपनी जिम्मेदारी से मुंह नहीं मोड़ सकती। गोलीकांड के लिए जिम्मेदार अन्य लोगों पर भी कड़ी कार्रवाई हो और सरकार पूरे मामले को हैंडल करने में विफल रहने की जिम्मेदारी ले। सुक्खू ने कश्मीर में लोगों से मुलाकात कर उनकी मांगों को पूरा करने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने दोपहर बाद सेरा रैस्ट हाऊस में भी लोगों की समस्याएं सुनीं व उनका समाधान किया।


शांता कुमार का इशारा किसकी तरफ
सुक्खू ने अवैध निर्माण को लेकर पूर्व सी.एम. व भाजपा सांसद शांता कुमार की टिप्पणी को भी गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि शांता कुमार बिना तथ्यों के कोई भी टिप्पणी नहीं करते। सरकार को यह जांच करवानी चाहिए कि पूर्व सरकारों के समय किन-किन भाजपा नेताओं ने अवैध निर्माण के लिए प्रभावशाली लोगों का साथ दिया है। इस मौके पर उनके साथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कै. पृथ्वी चंद, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष राज धीमान, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ अध्यक्ष पंजाब सिंह कौशल, अमर सिंह, प्रीतम सिंह, धर्म सिंह, सूबेदार सुभाष, जे.एन. शर्मा, पूनम, कश्मीरी देवी, सुरेश कुमारी, संतोष देवी, के.सी. धीमान व नानक चंद आदि अनेक गण्यमान्य लोग मौजूद थे।

Vijay