सुक्खू ने साधा निशाना, मोदी सरकार कैसे भूल गई इंदिरा गांधी की सर्जिकल स्ट्राइक

Tuesday, Oct 02, 2018 - 11:59 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल कांग्रेस ने मोदी सरकार पर शौर्य दिवस मनाने को लेकर निशाना साधा है। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भारतीय सेना की बहादुरी से हर देश परिचित है लेकिन भाजपा व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेना पर राजनीति कर रहे हैं। सुक्खू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा है कि वह देश की आज की पाकिस्तान के खिलाफ  सबसे बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक को कैसे भूल गए? उन्होंने जारी बयान में कहा है कि पूर्व पी.एम. इंदिरा गांधी ने 1971 में पाकिस्तान के दो टुकड़े कर बंगलादेश बना दिया था। वह सर्जिकल स्ट्राइक नरेंद्र मोदी को कैसे याद नहीं रही? उन्होंने कहा कि यदि 18 पाकिस्तानी सैनिकों को मारकर शौर्य दिवस मनाया जा रहा है तो 1971 की सर्जिकल स्ट्राइक का शौर्य दिवस क्यों नहीं? पार्टी अध्यक्ष ने कहा है कि भारतीय सेना पर मोदी को राजनीति नहीं करनी चाहिए। 

उन्होंने कहा है कि पी.एम. मोदी यह बताएं कि 18 पाकिस्तानी सैनिकों को मारने के बाद, जो 1800 भारतीय सैनिक शहीद हुए हैं, उनकी शहादत का हिसाब रोती-बिलखती माताओं, बहनों और बच्चों को कौन देगा? उन्होंने कहा कि जिन माताओं की मांग का सिंदूर मिट गया और जिस पिता के बुढ़ापे का सहारा छिन गया, उसके प्रति जवाबदेह कौन है। उन्होंने कहा है कि पी.एम. मोदी सर्जिकल स्ट्राइक का ढिंढोरा पीटने के बजाय पाकिस्तान से वीर जवानों की शहादत का हिसाब लें क्योंकि हर पीड़ित परिवार भी चीख-चीख कर यही मांग कर रहा है।

पी.एम. यह भी बताएं कितनी बार हुई सॢजकल स्ट्राइक
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा है कि पी.एम. मोदी देश को यह भी बताएं कि इससे पहले कितनी सर्जिकल स्ट्राइक हुई हैं। सुक्खू ने कहा कि अब प्रधानमंत्री 56 इंच का सीना कहां है? जब भी भारतीय जवानों के साथ बर्बरता होती है, उनका सीना सरहद पर दुश्मन छलनी कर देता है तो केंद्र सरकार के पास सिर्फ यही जुमला होता कि पाक से कोई वार्ता नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पी.एम. बताएं कि इससे आगे बढ़कर वह नापाक दुश्मन को कब सबक सिखाएंगे। एक सिर के बदले कब दस सिर लाएंगे।

Ekta