सुक्खू बोले-टिकट के लिए बड़े से बड़े नेता को होना पड़ता है नतमस्तक

Sunday, Sep 10, 2017 - 12:48 AM (IST)

चम्बा: कांग्रेस टिकट प्राप्त करने के लिए बड़े से बड़े नेता को नतमस्तक होना पड़ता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला मुख्यालय में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि नारे लगाकर व दबाव बनाकर पार्टी का टिकट हासिल नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा कि हमारे विचारों में मतभेद हो सकता है लेकिन मनभेद बिल्कुल नहीं हो सकता है। उन्होंने निर्भया कांड पर विवादास्पद बयान देते हुए कहा कि निर्भया एक छोटा सा कांड था लेकिन देश के लाखों लोग हाथों में मोमबत्ती लेकर सड़क पर उतर आए। उन्होंने कहा कि इसी घटना ने देश में एक नई पार्टी को जन्म दिया।

हर्ष महाजन व मुख्यमंत्री पर ली चुटकी
कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की आपसी भिड़ंत पर उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को अनुशासन में रहना होगा। हर्ष महाजन व मुख्यमंत्री के लगे नारों पर उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि जो मास लीडर होता है उसके लिए नारे लगाने की कोई जरूरत नहीं होती है। उन्होंने कहा कि आज जो लोग बार-बार हर्ष महाजन को चुनाव लड़वाने की बात कर रहे हैं वह उस मौके को भी याद करें जब हर्ष महाजन को पहली बार पार्टी का टिकट मिला तो चम्बा के लोगों ने ही उसे चम्बा में घुसने नहीं दिया था। हर्ष महाजन चम्बा से नहीं बनीखेत से चुनाव लडऩा चाहते थे लेकिन पार्टी ने उन्हें चम्बा की टिकट दी थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हाथ के निशान के आगे बड़े से बड़े नेता को भी झुकना पड़ता है।