सुक्खू बोले-लड़ाकू जहाजों की एकतरफा खरीद में आ रही धोखाधड़ी की बू

Wednesday, Aug 01, 2018 - 10:36 PM (IST)

शिमला (राक्टा): राज्य कांग्रेस राफेल डील के मुद्दे पर वीरवार को केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करेगी। इस दौरान सभी जिलाधीशों के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। कांग्रेस का आरोप है कि राफेल डील पर प्रधानमंत्री का मौन धारण करना घोटाले पर मोहर लगा रहा है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहना है कि 60,145 करोड़ रुपए की राफेल डील ने साबित कर दिया कि रक्षा सौदे में घोटाला हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि 36 राफेल लड़ाकू जहाजों की एकतरफा खरीद से साजिश और धोखाधड़ी की तरफ संकेत कर रही है, जिससे सरकारी खजाने को नुक्सान पहुंच रहा है।


निजी कंपनी को लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रही केंद्र सरकार
उन्होंने कहा कि यू.पी.ए. सरकार 126 विमानों के लिए 54,000 करोड़ रुपए में दे रही थी जबकि वर्तमान सरकार सिर्फ 36 विमानों के लिए 60,145 करोड़ दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सौदे के माध्यम से केंद्र सरकार निजी कंपनी को लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सौदे से बाहर होने पर एच.ए.एल. को लगभग 25,000 करोड़ रुपए का घाटा होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई को संसद से सड़क तक लड़ेगी। जिला मुख्यालय में होने वाले प्रदर्शन के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए पार्टी अध्यक्ष ने सभी जिलाध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों को व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सूचना के अनुसार जिलाध्यक्षों को इससे संबधित रिपोर्ट भी पार्टी मुख्यालय को प्रेषित करनी होगी।


घोटाले की परतें खुलने से बौखलाई भाजपा
प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान ने कहा कि संसद में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के राफेल खरीद घोटाले की परतें खोलने से भाजपा बौखला गई है। चौहान ने मोदी सरकार सेे पूछा कि आखिर किस मजबूरी में इतनी महंगी डील की। रक्षा मंत्री भी देश को पूरे मामले में गुमराह कर रही हैं।

Vijay