सुक्खू ने भरी हुंकार, बोले-आजादी के बाद देश का सबसे बड़ा घोटाला है नोटबंदी

Friday, Nov 09, 2018 - 03:23 PM (IST)

शिमला (राक्टा): प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि नोटबंदी आजादी के बाद देश का सबसे बड़ा घोटाला है। भाजपा नेताओं ने नोटबंदी के बाद काले धन को बड़ी मात्रा में रातोंरात सफेद किया। भाजपा ने भी काले धन को सफेद करने के लिए दफ्तरों के लिए जमीनें खरीदीं। सुक्खू कुल्लू जिले के निरमंड में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने शुक्रवार को भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों और खोखले वायदों को उजागर करने के लिए प्रदेशाव्यापी पोल खोल अभियान की शुरूआत की। नोटबंदी के 2 साल पूरे होने पर प्रदेश भर में काला दिवस भी मनाया गया। सुक्खू ने निरमंड से नोटबंदी के खिलाफ हुंकार भरी।

पी.एम. ने सत्ता के नशे में चूर होकर उठाया कदम
आनी पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने प्रदेशाध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार का एक साल पूरा होने पर कांग्रेस की ओर से लाई जा रही चार्जशीट में भाजपा से यह भी पूछा जाएगा कि दफ्तरों के लिए जमीन खरीदने को धन कहां से आया। हमीरपुर में तो भाजपा के पास पहले से दफ्तर है, फिर क्यों जमीन खरीदी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने काला धन सफेद करने के लिए ही दफ्तरों के नाम पर जमीनें खरीदी हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी ने अर्थव्यवस्था को तहस-नहस कर दिया है। आर.बी.आई. ने नोटबंदी से साफ इंकार किया था, बावजूद इसके पी.एम. नरेंद्र मोदी ने सत्ता के नशे में चूर होकर यह कदम उठाया।

Vijay