सुक्खू बोले- चुनावों में वीरभद्र होंगे कांग्रेस का प्रमुख चेहरा

Sunday, Jun 04, 2017 - 03:27 PM (IST)

ऊना (अमित शर्मा): विधानसभा चुनावों में वीरभद्र सिंह कांग्रेस का प्रमुख चेहरा होंगे क्योंकि उन्होंने हिमाचल में विकास कार्य किए हैं। यह बात कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू ने हरोली कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कही। सलोह में ब्लॉक कांग्रेस हरोली द्वारा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी उपस्थित रहे। कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचने का आह्वान किया वहीं कार्यकर्ताओं को चुनावी टिप्स भी दिए। वहीं उद्योग मंत्री ने कार्यकर्ताओं को हरोली हल्के में हुए विकास कार्यों से अवगत करवाया। 


चुनौतियों को पार करते हुए कांग्रेस सत्तासीन होगी
बैठक के उपरांत पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में वीरभद्र सहित अन्य नेता भी अपनी प्रमुख भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सीएम वीरभद्र ने पूरे हिमाचल में विकास कार्य किए हैं, तो वीरभद्र सिंह भी हमारा प्रमुख चेहरा होंगे। सुक्खू ने माना कि इन चुनावों में चुनौतियों तो जरूर है, लेकिन इन चुनौतियों को पार करते हुए कांग्रेस सत्तासीन होगी। उन्होंने कहा कि बेशक भाजपा केंद्र के मंत्रियों को ला रही है लेकिन यह मंत्री प्रदेश में आकर सिर्फ घोषणाएं ही कर रहे हैं। घोषणाओं से राजनीति ज्यादा दिनतक नहीं चल सकती है।