सुक्खू ने साधा निशाना, कहा-राफेल डील पर कोरा झूठ बोल रही भाजपा

Sunday, Aug 05, 2018 - 08:11 PM (IST)

नादौन: राफेल विमान डील को लेकर हमलावर कांग्रेस ने भाजपा को बैकफुट पर ला दिया है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पूरे मुद्दे पर आक्रामक रुख अख्तियार किए हुए है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक बार फिर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। सुक्खू ने सेरा विश्राम गृह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राफेल डील पर भाजपा कोरा झूठ बोल रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के लोकसभा में मुद्दा उठाने के बाद भाजपा नेता बगले झांक रहे हैं। लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक अनुराग ठाकुर के पास भी तथ्यों का अभाव है। वह जनता को आधा सच बताकर बरगलाने की असफल कोशिश में जुटे हैं। वह नहीं जानते कि शिक्षित वर्ग राफेल डील का पूरा सच जानता है।

अनुराग में हिम्मत है तो जनता को बताएं सच
उन्होंने कहा कि अनुराग में हिम्मत है तो वह जनता को बताएं कि किस मजबूरी में और किसे फायदा पहुंचाने के लिए भाजपा सरकार ने पूर्व यू.पी.ए. सरकार की तुलना में इतनी महंगी डील क्यों की। भाजपा सरकार पर किसका दबाव पी.एम. नरेंद्र मोदी के फ्रांस दौरे के दौरान अचानक पड़ा, जिससे राफेल का खरीद मूल्य 3 गुना बढ़ा दिया गया। अनुराग को प्रदेश की भोलीभाली जनता को ठगने का कोई अधिकार नहीं है। भाजपा सांसद जनता को यह बताएं कि किस दबाव में एक राफेल की कीमत पौने 600 करोड़ से रातोंरात लगभग 1600 करोड़ हो गई। यह राशि किस-किस की जेब में गई, इससे भी जल्द पर्दा उठ जाएगा। चूंकि विमान खरीद में यह स्वतंत्र भारत का सबसे बड़ा घोटाला है, पी.एम. नरेंद्र मोदी को इसलिए ही जवाब देते नहीं बन रहा। मोदी ने मौन रूप धारण कर भाजपा नेताओं को घोटाले पर पर्दा डालने के लिए झूठ बोलने को आगे किया हुआ है। मगर पी.एम. देश के प्रति अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकते।

झूठ की राजनीति में माहिर हैं अनुराग
सुक्खू ने कहा कि अनुराग झूठ की राजनीति में माहिर हैं, यह भी जनता जान चुकी है। कांग्रेस राफेल डील घोटाले का सच सामने लाकर ही चैन से बैठेगी। पी.एम. मोदी जब तक पूरे मामले पर चुप्पी तोड़कर घोटाले के गुनहगारों के नाम देश को नहीं बताते तब तक सड़क से लेकर संसद तक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में संघर्ष जारी रहेगा।

Vijay