बिंदल का कांग्रेस अध्यक्ष की बयानबाजी पर तीखा प्रहार, बोले- मानसिक दबाव में सुक्खू

Tuesday, Jul 17, 2018 - 01:22 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की तरफ से की गई बयानबाजी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। यहां जारी बयान में उन्होंने सुक्खू को मर्यादा का पाठ न पढ़ाने की सलाह दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मानसिक दबाव में हैं, जिस कारण आधारहीन बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके कामकाज को जनता जानती है। उन्होंने कहा कि सुक्खू को कांग्रेस के नाहन सम्मेलन में प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डा. यशवंत सिंह परमार की याद नहीं आई। उन्होंने सुक्खू को सलाह दी कि वह उनकी चिंता छोड़कर अपनी पार्टी के बड़े नेताओं से बचें, जो उनके ऊपर लगातार टिप्पणी कर रहे हैं।


कुंदन करसोग मंडल अध्यक्ष नियुक्त
भारतीय जनता पार्टी ने कुंदन ठाकुर (सराहन) को भाजपा करसोग मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी यह नियुक्ति प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती की तरफ से की गई है।


रजनी पाटिल की टिप्पणी पर भाजपा को आपत्ति
हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश दत्त ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी की प्रभारी रजनी पाटिल द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेत्री को प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर टिप्पणी करने से परहेज करना चाहिए। उन्होंने यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि रजनी पाटिल का 7 दिवसीय प्रवास असफल रहा है। उन्होंने रजनी पाटिल को तथ्यों पर आधारित बयानबाजी करने की सलाह दी।

Ekta